बाबा साहब का अपमान नहीं सहेगी बसपा, मायावती ने किया देशभर में प्रदर्शन का ऐलान

बाबा साहब का अपमान नहीं सहेगी बसपा, मायावती ने किया देशभर में प्रदर्शन का ऐलान

लखनऊ: बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का अपमान करने के मुद्दे पर बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती भी एक्‍शन मोड में आ गई हैं। उन्‍होंने ऐलान किया है कि बसपा 24 दिसंबर को देश भर में विरोध प्रदर्शन करेगी। हालांकि, पहले यह प्रदर्शन केवल उत्‍तर प्रदेश में होना था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा माफी न मांगने के कारण मायावती ने अब देशव्यापी विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है।

बसपा सुप्रीमो ने शनिवार (21 दिसंबर) को इस संबंध में सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में कहा- ‘देश के दलित, वंचित व अन्य उपेक्षितों के आत्म-सम्मान व मानवीय हकूक के लिए मानवतावादी व कल्याणकारी संविधान के रचयिता डॉ. भीमराव आंबेडकर भगवान की तरह पूजनीय हैं। उनका अमित शाह द्वारा किया गया अनादर लोगों के दिलों को आहत कर रहा है।’

शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा धरना-प्रदर्शन

मायावती ने कहा कि ऐसे महापुरुष को लेकर संसद में इनके द्वारा कहे गए शब्दों से पूरे देश में सर्वसमाज के लोग उद्वेलित, आक्रोशित व आन्दोलित हैं। बसपा ने उनसे बयान वापस लेने व पश्चाताप करने की मांग की, जिस पर अभी तक भी अमल नहीं किया जा रहा है। ऐसे में मांग न पूरी होने पर देशभर में आवाज उठाने की बात बसपा द्वारा की गई है। इसलिए अब पार्टी ने अपनी इस मांग के समर्थन में 24 दिसंबर को देशव्यापी आन्दोलन करने का फैसला लिया है। उस दिन देश के सभी जिला मुख्यालयों पर शांतिपूर्ण तरीके से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि दलित एवं बहुजनों को अपने पैरों पर खड़े होकर आत्मसम्मान के साथ जीने के लिए आजीवन कड़ा संघर्ष व आरक्षण सहित उनको अनेकों कानूनी हक दिलाने वाले उनके सच्चे मसीहा बाबा साहब के नहीं रहने पर उनके अनुयाइयों का हित व कल्याण ही उनका सबसे बड़ा सम्मान है, जिसके लिए बसपा समर्पित है।

बाबा साहेब का अनादर न करें पार्टियां

पूर्व सीएम मायावती ने कहा कि कांग्रेस, भाजपा आदि पार्टियां अगर बाबा साहेब का दिल से आदर-सम्मान नहीं कर सकती हैं तो उनका अनादर भी न करें। बाबा साहेब के कारण एससी, एसटी एवं ओबीसी वर्गों को जिस दिन संविधान में कानूनी अधिकार मिले, उसी दिन उन्हें सात जन्मों का स्वर्ग भी मिल गया था।

Post Comment

You May Have Missed