आगरा में पेड़ से टकराई बोलेरो, पिता, बेटा-बहू और पोती समेत पांच लोगों की मौत

आगरा में पेड़ से टकराई बोलेरो, पिता, बेटा-बहू और पोती समेत पांच लोगों की मौत

आगरा: आगरा के थाना चित्राहाट क्षेत्र में गुरुवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो पेड़ से टकरा गई, जिसमें एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पिता, बेटा, बहू, पोती और नाती शामिल हैं। वहीं, तीन लोग घायल हैं।

हादसे के बाद गांव वालों ने गाड़ी के शीशे तोड़कर सभी को निकाला। परिवार नवरात्रि के पहले दिन इटावा से राजस्थान के कैलादेवी दर्शन करने गया था। देर रात वहां से लौट रहा था। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो का आगे का हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। आधी छत उखड़ गई।

इटावा के रहने वाले थे मृतक

मृतकों की पहचान इटावा के इकदिल के गांव नगला वर के रहने वाले कांता प्रसाद (70), उनके बेटे देवेंद्र (35), बहू सीमा (30), पोती आराध्या (3) और गाड़ी चला रहे नाती औरैया थाना क्षेत्र के अजीतमल के गांव प्रतापपुर निवासी ऋषि (20) के रूप में हुई है। घायलों में देवेंद्र का बेटा आदित्य, ऋषभ की पत्नी रश्मि और अवनीश शामिल हैं।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि कार पेड़ से टकराने के बाद धमाके जैसी आवाज आई। हम लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। कार के दरवाजे खोलने की कोशिश की गई, लेकिन वे नहीं खुले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। थोड़ी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची। फिर कार के दरवाजे तोड़कर सभी को बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को स्थानीय सीएचसी भेजा गया, जहां डॉक्टर ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। बाकी घायलों का प्राथमिक इलाज करने के बाद सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

Post Comment

You May Have Missed