जालंधर में BSF हेडक्वार्टर के बाहर ब्लास्ट, एक किमी दूर तक सुना गया धमाका

जालंधर में BSF हेडक्वार्टर के बाहर ब्लास्ट, एक किमी दूर तक सुना गया धमाका

जालंधर: पंजाब के जालंधर में बीएसएफ हेडक्वार्टर के पास धमाका हुआ। इसकी आवाज लगभग 1 किलोमीटर दूर तक सुनी गई, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। जिस एक्टिवा स्कूटी में विस्फोट हुआ, वह कथित तौर पर एक फ्लिपकार्ट डिलीवरी कर्मी की बताई जा रही है। वह शाम करीब 8:15 बजे स्कूटी खड़ी कर BSF हेडक्वार्टर के अंदर पार्सल देने गया था, इसी दौरान पीछे स्कूटी में विस्फोट हो गया। सूत्रों का कहना है स्कूटी रखे किसी विस्फोटक के फटने की आशंका है। इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

BSF हेडक्वार्टर के साथ गुरुनानकपुरा जाने वाली सड़क पर स्थित सब्जी मंडी में उस समय लोग खरीदारी कर रहे थे। अचानक तेज आवाज सुनकर लोग सहम गए और कुछ देर तक स्थिति को समझ नहीं पाए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां और बीएसएफ के जवान भी मौके पर मौजूद हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट की जा सकेगी।

स्‍कूटी में आग लगने के बाद हुआ विस्‍फोट

जालंधर पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने कहा- स्कूटी में आग लगने के बाद ही विस्फोट हुआ है। अभी यही जानकारी मिली है। स्कूटी पर दो लड़के आए थे दोनों लड़कों को पुलिस और सिक्योरिटी फोर्सज ने हिरासत में रखा है। हिरासत में लिए गए एक लड़के के पिता ने बताया कि बेटा हर रोज बीएसएफ में पार्सल की डिलीवरी देने आता था। आज भी उसने शाम को पार्सल फ्लिपकार्ट स्टोर से उठाए थे। जब वह हेडक्वार्टर के अंदर पार्सल छोड़कर बाहर आ रहा था, तभी स्कूटी विस्फोट के साथ उड़ गई। वह स्कूटी से 100 मी. दूर था। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि बीएसएफ हेडक्वार्टर की दीवारें तक हिल गईं।

जालंधर पुलिस कमिश्नर की BSF अधिकारियों से मुलाकात

जालंधर पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर बीएसएफ हेडक्वार्टर के अंदर गईं। उनका कहना है कि बीएसएफ के अधिकारियों के साथ मुलाकात के बाद और लड़कों से पूछताछ के बाद जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। आगे की जो भी जानकारी होगी वह जल्दी ही मीडिया के साथ शेयर की जाएगी।

पुलिस ने 2 युवकों को हिरासत में लिया

जालंधर पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर मौके पर पहुंची हैं। स्कूटी में जहां विस्फोट हुआ है, वहां का निरीक्षण किया। धनप्रीत कौर ने कहा कि अभी फिलहाल यही जानकारी मिली है कि स्कूटी में आग लगी है और आग लगने के बाद ही विस्फोट हुआ है। हालांकि, सभी मामलों की जांच की जा रही है। सिक्योरिटी फोर्सज के साथ भी तालमेल बनाकर पुलिस जांच में जुट गई है। उन्होंने बताया कि स्कूटी पर दो लड़के आए थे। दोनों लड़कों को पुलिस और सिक्योरिटी फोर्सज ने अपने हिरासत में रखा है, ताकि उनसे हर तरह की जांच हो सके।

पिता बोले– बेटे से नहीं मिलने दिया जा रहा

स्कूटी के साथ 2 लड़के आए थे। एक का नाम कृष है। कृष के पिता का नाम कश्मीरा लाल है। कश्मीरा लाल खुद बीएसएफ से रिटायर्ड हैं। कृष की उम्र 27 से 28 साल के बीच है। दो से तीन महीने से वह लगातार बीएसएफ के लिए डिलीवरी देने के लिए आ रहा था।

पिता का कहना है कि बेटे से अभी मिलने नहीं दिया जा रहा है। विस्फोट के बाद बेटे का फोन आया था कि उसकी स्कूटी में जोरदार ब्लास्ट हुआ है और स्कूटी को आग लग गई है। जिसके उपरांत वह दौड़े दौड़े यहां बीएसएफ हेडक्वार्टर के पास पहुंचे। यहां बेटा नहीं मिला। जब पूछताछ की तो पता चला कि बेटे और उसके साथ आए लड़के को अंदर अधिकारियों ने बिठाकर रखा है, जिनसे मुलाकात नहीं करने दी जा रही है।

Post Comment

You May Have Missed