लखनऊ में भाजयुमो यूपी अध्यक्ष का शक्ति प्रदर्शन, घंटों जाम में फंसे रहे लोग

लखनऊ में भाजयुमो यूपी अध्यक्ष का शक्ति प्रदर्शन, घंटों जाम में फंसे रहे लोग

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के अध्यक्ष रोहित मिश्रा ने रविवार को बीजेपी प्रदेश कार्यालय में पदभार संभाला। उन्होंने कहा कि स्वागत की तैयारियों के दौरान पता चला था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम भी उसी रूट पर प्रस्तावित है। इससे हम लोग 2-3 घंटे बहुत परेशान रहे। ईश्वर जाने क्या ऐसी विशेष कृपा रही कि योगी जी ने अपना कार्यक्रम निरस्त किया। हम युवाओं का स्पेस कहीं कम न होने पाए अपना आशीर्वाद दिया।

अपने संबोधन में डॉ. रोहित मिश्रा ने कहा कि जब भी युवाओं की परिभाषा की बात होती है, तो युवा वह होता है जो अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने का साहस रखता है। उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी व्यवस्था में भ्रष्टाचार या अन्याय दिखाई देता है, वहां उसके प्रतिकार के लिए सबसे पहले युवा ही खड़े होते हैं।

अन्याय-भ्रष्टाचार के खिलाफ खड़ा होना ही युवा की पहचान

डॉ. मिश्रा ने कहा कि इतिहास इस बात का साक्षी है। कंस के अत्याचार के विरुद्ध भगवान श्रीकृष्ण युवावस्था में खड़े हुए, रावण के अन्याय के खिलाफ भगवान श्रीराम ने संघर्ष किया। इसी तरह अंग्रेजी हुकूमत के सामने चंद्रशेखर आजाद और शहीद भगत सिंह जैसे युवाओं ने साहस और बलिदान का परिचय देकर देश को नई दिशा दी।

तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी

रोहित मिश्रा ने कहा कि 2027 का समर है। युवाओं के आधार पर कहना चाहता हूं कि आज की गर्मी यह बता चुकी है कि वह समर अब केवल और केवल परिणाम की प्रतीक्षा करती है। हमने तय कर लिया है कि 2027 में तीसरा बार भाजपा की सरकार आएगी।

इससे पहले उन्होंने शक्ति प्रदर्शन किया। 50 गाड़ियों के काफिले के साथ रोड शो किया। खुली कार में हाथ जोड़कर 1090 चौराहे से 3 किमी दूर भाजपा कार्यालय पहुंचे। उनके काफिले के पीछे करीब 1 किमी लंबा जाम लग गया। इससे पहले 1090 चौराहे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया।

क्रेन से पहनाई गई फूलों की माला

क्रेन से फूलों की माला पहनाई। भगवान राम की मूर्ति, रामचरितमानस, गदा, तलवार, फरसा भेंट किए। रोहित मिश्रा ने तलवार और गदा लहराया। रोहित के पहुंचने से पहले ही 1090 चौराहे पर हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं के जुटने से भीषण जाम लग गया था। दोपहर 12:15 से करीब 1:15 बजे तक करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा।

पुलिस ने कड़ी मशक्कत से जाम खुलवाया। ट्रैफिक पुलिस ने कोई भी डायवर्जन प्लान जारी नहीं किया था। रोहित 16 दिन पहले यूपी भाजयुमो के अध्यक्ष बने हैं। इससे पहले वह युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष थे। प्रतापगढ़ के रहने वाले रोहित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े रहे हैं। 2016 में इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ के अध्यक्ष रहे। 2017-18 में एबीवीपी के राष्ट्रीय मंत्री भी रह चुके हैं।

Post Comment

You May Have Missed