चेहरे पर केक लगाने से भड़का बर्थडे बॉय, पार्टी में की तीन दोस्तों की ही हत्या

चेहरे पर केक लगाने से भड़का बर्थडे बॉय, पार्टी में की तीन दोस्तों की ही हत्या

बुलंदशहर: जिले में बर्थडे पार्टी के दौरान शनिवार देर रात बीजेपी नेता के भाई, चचेरे भाई और भतीजे की हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, जिम में जन्मदिन की पार्टी चल रही थी। चश्मदीदों ने बताया कि भाजपा नेता के चचेरे भाई ने आरोपी बर्थडे बॉय के चेहरे पर केक लगा दिया। इससे वह भड़क गया। पहले कहासुनी हुई। इसके बाद आरोपी ने अपने साथियों के साथ भाजपा नेता के भाइयों-भतीजे पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। तीनों की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी भाग गए। फिलहाल, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है।

पूरा मामला खुर्जा के RJS फिटनेस जिम का है। मुख्य आरोपी जीतू सैनी पूर्व बसपा नगर अध्यक्ष रह चुका है। फायरिंग में मनीष सैनी (30), आकाश सैनी (19) और अमरदीप सैनी (32) की जान गई है। मनीष वार्ड नंबर 24 के भाजपा सभासद संजय सैनी के छोटे भाई थे, जबकि आकाश उनके भतीजे और अमरदीप चाचा के लड़के थे।

अमरदीप की बहन बोली– खून के बदले खून चाहिए

अमरदीप की पत्नी सिमरन का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने हाथ जोड़कर कि मुझे इंसाफ चाहिए। सब कुछ प्लानिंग के तहत हुआ। पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। बहन राधा ने कहा कि आरोपियों के घर और फैक्ट्रियों पर बुलडोजर चलना चाहिए। हमें खून के बदले खून चाहिए।

वहीं, मनीष की बहन रजनी ने कहा- भाई को दावत के बहाने बुलाया गया और फिर उन्हें बेवजह मार दिया गया। मुझे भाई के खून का बदला चाहिए। सीएम योगी से मांग है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।

10 लोगों पर FIR, 4 को हिरासत में लेकर पूछताछ

भाजपा सभासद संजय सैनी ने बताया कि आरोपी जीतू का शनिवार को बर्थडे था। उसने पार्टी में दोस्तों को बुलाया था। मेरा भाई, चचेरा भाई और भतीजा जन्मदिन पार्टी में शामिल होने गए थे। भाई के दोस्त और जिम संचालक रूपेश सैनी ने मुझे फोन कर घटना की सूचना दी। आनन-फानन में मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।

पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपी जीतू और मयंक सैनी मुख्य आरोपी हैं। जीतू ने मयंक की पिस्टल से फायरिंग की। वारदात के बाद आरोपी CCTV का डीवीआर अपने साथ लेकर फरार हो गए हैं। पुलिस ने जीतू-मयंक समेत 10 लोगों पर FIR दर्ज की है। 4 को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बाकियों की तलाश जारी है।

जिम संचालक हत्या के प्रयास के आरोप में जेल में बंद

सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया जिम संचालक का नाम भी जीतू सैनी है, जो हत्या के प्रयास के आरोप में जेल में बंद है। आरोपी ने दो दिसंबर 2025 को खुर्जा न्यायालय में पेशी कर लौट रहे अर्जुन पर गोली चलाई थी, जिसमें पुलिस ने जीतू सैनी समेत छह आरोपियों को जेल भेजा था। इस बिंदु पर भी पुलिस टीम जांच कर रही है।

Post Comment

You May Have Missed