तीन दोस्तों का हत्यारोपी बर्थडे बॉय एनकाउंटर में ढेर, बुलंदशहर पुलिस ने मारीं तीन गोलियां

तीन दोस्तों का हत्यारोपी बर्थडे बॉय एनकाउंटर में ढेर, बुलंदशहर पुलिस ने मारीं तीन गोलियां

बुलंदशहर: जिले में तीन दोस्तों की हत्या के मुख्य आरोपी बर्थडे बॉय जीतू सैनी (30) को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया। पुलिस ने गुरुवार सुबह 5 बजे स्कूटी सवार जीतू को रोका, तो उसने फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में उसे तीन गोलियां लग गईं। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान जीतू की मौत हो गई। ट्रिपल मर्डर के बाद पुलिस ने जीतू पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

जीतू साल 2017 में बसपा का नगर अध्यक्ष भी रह चुका था। मुठभेड़ जिला मुख्यालय से 35 किमी दूर खुर्जा थाना क्षेत्र में हुई। दरअसल, 25 अप्रैल की रात RJS फिटनेस जिम में जीतू की बर्थडे पार्टी चल रही थी। इस दौरान दोस्त अमरदीप ने जीतू के चेहरे पर केक लगा दिया था। इससे वह भड़क गया और उसने गोलियां बरसा दीं। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई।

मयंक, रिंकू और भारत गिरफ्तार

मृतकों में भाजपा सभासद संजय सैनी के भाई मनीष (30), भतीजे आकाश (19) और चचेरे भाई अमरदीप (32) शामिल थे। पुलिस ने इस मामले में अब तक जीतू से पहले मयंक सैनी, रिंकू सैनी और भारत सैनी को एनकाउंटर में गोली मारकर पकड़ा था। एनकाउंटर के बाद जीतू की एक रील वायरल हो रही है। इसमें वह जिम में वर्कआउट करता नजर आ रहा है। बैकग्राउंड में गाना बज रहा है- मारूंगा जरूर… अपने बचने का जुगाड़ रखियो…।

एनकाउंटर पर मृतक अमरदीप की बहन बोली– मुझे तसल्ली मिली

जिस अमरदीप की जीतू ने हत्या की थी, उनकी बहन राधा ने एनकाउंटर पर कहा- मुझे बहुत तसल्ली मिली है। इसके लिए मैं सीएम योगी को कोटि-कोटि प्रणाम करती हूं, क्योंकि मैंने मांग की थी कि खून के बदले खून चाहिए। मैं यही कहना चाहती हूं कि पुलिस-प्रशासन जिस तरह काम कर रहा, उसी तरह सख्ती से कार्रवाई जारी रखी जाए।

वहीं, पत्नी सिमरन ने कहा- यह सब सुनकर हमें बहुत तसल्ली हुई कि जिसने यह कांड किया था, जिसने गोलियां चलाई थीं, वह मारा गया है। प्रशासन भी बहुत अच्छा काम कर रहा है।

कैसे हुई मुठभेड़?

एसपी बुलंदशहर दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश में हमारी छह टीमें दबिश दे रही थीं। इसी दौरान पुलिस टीम ने स्कूटी पर जा रहे दो बदमाशों को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने भागने की कोशिश की, फिर उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया।

उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में इंस्पेक्टर मो. असलम और हेड कॉन्स्टेबल मोहित मलिक घायल हुए हैं। दोनों को हायर सेंटर में भर्ती करवाया गया है। इसके अलावा, दो सिपाही रामफल और कपिल के बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगी।

Post Comment

You May Have Missed