Bareilly: नीरज मौर्य बोले- मॉनसून सत्र रोजगार, शिक्षा और किसानों के मुद्दों पर मांगेंगे जवाब
Bareilly: आंवला से सपा सांसद नीरज मौर्य ने कहा है कि लोकसभा के मानसून सत्र में क्षेत्र और प्रदेश से जुड़े जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। रोजगार, शिक्षा, किसानों की समस्याओं, स्मार्ट सिटी परियोजनाओं और महंगाई जैसे विषयों पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा। सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता में सांसद नीरज मौर्य ने कहा कि देश का युवा आज रोजगार के गंभीर संकट से जूझ रहा है और सरकार केवल दावे कर रही है। वर्तामन में बेरोजगार युवाओं को स्थायी रोजगार उपलब्ध कराने और प्रभावी रोजगार नीति लागू करने की आवश्यकता है। लोकसभा में युवाओं से जुड़े रोजगार और भर्ती के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।
सांसद ने कहा कि स्कूलों में शिक्षकों की कमी, आधारभूत सुविधाओं का अभाव और लगातार घटता नामांकन गंभीर चिंता का विषय है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सरकार को केवल घोषणाएं नहीं बल्कि ठोस कदम उठाने होंगे। संसद में जवाब मांगा जाएगा। नीरज मौर्य ने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद आम जनता को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल सकीं। योजनाओं का लाभ धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा है। स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की समीक्षा और वित्तीय अनियमितताओं की जांच कराए जाने की मांग भी लोकसभा में उठाई जाएगी।
किसानों की आय बढ़ाने के दावे केवल कागजों तक सीमित
सांसद नीरज ने कहा कि किसान आज भी खाद की कमी, बिजली संकट और बढ़ती लागत से परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की आय बढ़ाने के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं। सरकार को खेती को लाभकारी बनाने के लिए प्रभावी नीतियां लागू करनी चाहिए और किसानों को समय पर खाद, बिजली तथा अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने चाहिए। सांसद नीरज मौर्य ने कहा कि वह लोकसभा के मानसून सत्र में क्षेत्र की जनता से जुड़े प्रत्येक महत्वपूर्ण मुद्दे को मजबूती से उठाएंगे और सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि संसद के माध्यम से जनता की समस्याओं के समाधान की दिशा में सार्थक प्रयास किए जाएंगे। प्रेसवार्ता में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, मयंक शुक्ला सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Post Comment