Bareilly: सांसद राधा मोहन बोले- कम हुई महंगाई, अर्थव्यवस्था को मिली नई रफ्तार

Bareilly: सांसद राधा मोहन बोले- कम हुई महंगाई, अर्थव्यवस्था को मिली नई रफ्तार

Bareilly: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने को देश के विकास का स्वर्णिम अध्याय बताया। गुरुवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों, कोरोना महामारी और अंतरराष्ट्रीय संकटों के बावजूद भारत ने अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूती से संभाले रखा और दुनिया के सामने एक मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरा। उन्होंने कहा कि जहां दुनिया के अनेक देशों में महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी, वहीं भारत में केंद्र सरकार की प्रभावी नीतियों के कारण स्थिति नियंत्रण में रही।

उन्होंने कहा, सरकार ने सप्लाई चेन को मजबूत बनाकर आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित की, जिससे आम नागरिकों पर महंगाई का दबाव अपेक्षाकृत कम रहा। राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा कि पिछले एक दशक में आयकर व्यवस्था में व्यापक सुधार हुए हैं। वर्ष 2013-14  की तुलना में अब करदाताओं को अधिक राहत मिली है। टैक्स स्लैब में किए गए बदलावों का सीधा लाभ मध्यम वर्ग को मिला है। इसके साथ ही कर संग्रह में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है, जिससे देश की आर्थिक स्थिति और मजबूत हुई है।

विकास स्पष्ट दिखाई दे रहा

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की जनधन, डिजिटल इंडिया और अन्य वित्तीय समावेशन योजनाओं के चलते लोगों का बैंकिंग व्यवस्था पर भरोसा बढ़ा है। बैंक जमा राशि में वृद्धि हुई है और डिजिटल लेन-देन के विस्तार से वित्तीय पारदर्शिता को नई मजबूती मिली है। इससे कर संग्रहण व्यवस्था भी अधिक प्रभावी बनी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचा है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विकास का असर स्पष्ट दिखाई दे रहा है। सरकार गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है।

जांच पूरी होने के बाद किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित

राम मंदिर चढ़ावा और कथित चोरी प्रकरण पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मामले की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित होगा। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जनता विकास और सुशासन के आधार पर निर्णय लेती है। विपक्ष के पास जनहित के मुद्दे नहीं हैं, इसलिए वह केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रहा है, जबकि भाजपा सरकार विकास और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

Post Comment

You May Have Missed