Bareilly: डिप्टी सीएम ने की समीक्षा बैठक, स्थानीय स्तर पर समस्याओं के निराकरण पर दिया जोर

Bareilly: डिप्टी सीएम ने की समीक्षा बैठक, स्थानीय स्तर पर समस्याओं के निराकरण पर दिया जोर

Bareilly: उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की अध्यक्षता में बरेली के प्रशासनिक अधिकारियों व समस्त विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति समस्या लेकर जाए तो उसका समाधान करें यदि समाधान नहीं हो सकता है तो उसका पर्याप्त कारण बताएं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ आम आदमी तक पहुचाने की दिशा में विशेष ध्यान देना होगा, जिससे सरकार की छवि खराब ना हो। बैठक में उपमुख्यमंत्री ने तहसील नवाबगंज एवं बहेड़ी के गन्ना किसानों का भुगतान के बारे में जानकारी ली, जिस पर जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि नवाबगंज चीनी मिल की नीलामी हो गयी है तथा बहेड़ी शुगर मिल की नीलामी दिनांक 29 अप्रैल को है। उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि यथाशीघ्र समस्या का समाधान करते हुए किसानों को गन्ना मूल्य भुगतान कराया जाए।

व्हाट्सअप ग्रुप बनाकर जनप्रतिनिधिपार्टी पदाधिकारी अधिकारी जुड़ें

बैठक में उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए गए कि एक व्हाट्सअप ग्रुप बनाया जाए जिसमें जनप्रतिनिधि/पार्टी पदाधिकारी व अधिकारी जुड़े रहे और यदि कोई जनप्रतिनिधियों द्वारा समस्या बतायी जाती है तो उसका निस्तारण कर कृत कार्यवाही से अवगत कराया जाए। बैठक में निर्देश दिए गए कि गेहूं खरीद के मध्य कोई दलाल नहीं आना चाहिए तथा हर हाल में गेहूं क्रय केन्द्रों पर खरीद होनी चाहिए और गेहूं क्रय केन्द्रों पर किसी प्रकार की अवैध वसूली नहीं होनी चाहिए यदि ऐसा होता है तो कठोर कार्यवाही की जाए और कृत कार्यवाही से उन्हें भी अवगत कराया जाए। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अवैध खनन के नाम किसानों का उत्पीड़न और भू-माफियाओं का संरक्षण नहीं होना चाहिए यदि जनपद में कोई अवैध निर्माण हुआ है तो वह किसके कार्यकाल में हुआ है तो उसके खिलाफ कार्यवाही अमल में लायी जाए।

केशव प्रसाद मौर्य ने निर्देश दिए कि जो हाईवे निर्माणाधीन हैं उनके टेंडर में यह प्राविधान रहता है कि यदि निर्माण सामग्री लाने व ले जाने में आस-पास सड़के छतिग्रस्त हो जाती है तो वो कार्यदायी संस्था उन सड़कों को निश्चित समयसीमा में बनवाएंगी, जिससे वहां के स्थानीय निवासियों/ग्रामीणों को असुविधा ना हो। बैठक में निर्देश दिए गए कि तहसील, थाना और विकास खण्ड को मॉडल बनाएं, वहां कोई समस्या लेकर आए तो उस समस्या का निराकरण कराएं और आगन्तुकों का आदर करें, निरादर ना करें तथा लोगों के बैठने आदि के लिए पर्याप्त कुर्सियों आदि की व्यवस्था करें। इसी प्रकार तहसील दिवस/थाना दिवस/ग्राम चौपाल आदि को औपचारिकता ना बनाकर लोगों की समस्याओं के निस्तारण का प्रभावी माध्यम बनाए जाने के निर्देश दिए गए, जिससे लोगों की समस्या का निराकरण स्थानीय स्तर पर हो सके और वह अनावश्यक रूप से लखनऊ के चक्कर लगाने की परेशानी से बच सकें। इन दिवसों के आयोजन का रोस्टर जनप्रतिनिधियों को भी उपलब्ध कराया जाए।

Post Comment

You May Have Missed