Bada Mangal: आज से ज्येष्ठ माह की शुरुआत, इस बार होंगे आठ बड़े मंगल
Bada Mangal: ज्येष्ठ माह की शुरुआत दो मई से हो रही है। इस बार माह की अवधि 2 मई से शुरू होकर 29 जून तक रहेगी। इसी के चलते इस बार आठ बड़े मंगल की सौगात मिलेगी। बड़े मंगल पर राजधानी में वृहद स्तर पर लगने वाले भंडारों की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। जिला पूर्ति अधिकारी के यहां भंडारों के लिए गैस सिलिंडर की मांग को लेकर आवेदनों में भी तेजी आई है। बड़े मंगल पर हनुमानजी की उपासना विशेष फलदायी मानी जाती है। बड़ा मंगल को कई स्थानों पर बुढ़वा मंगल के नाम से भी जाना जाता है। राजधानी में बड़ा मंगल का विशेष महत्व है। यहां शहर के हनुमान मंदिरों में श्रृंगार, पूजा-पाठ और अन्य धार्मिक अनुष्ठान के साथ ही बड़ी संख्या में भंडारों के आयोजन भी होते हैं।
बता दें कि इस बार बड़े मंगल आठ होंगे जो क्रमश: 5, 12, 19 व 26 मई और 2, 9, 16 व 23 जून को पड़ेंगे। इनमें से चार शुद्ध ज्येष्ठ मंगल क्रमश: 5 व 12 मई को और 16 व 23 जून को होंगे। अधिक ज्येष्ठ मास 17 मई से 15 जून तक रहेगा जिसमे अधिक ज्येष्ठ मंगल 19 व 26 मई और 2 व 9 जून को पड़ेंगे। ज्येष्ठ माह में हनुमान जी की श्रद्धा भाव से पूजा करना अत्यंत शुभ माना जाता है। इस दौरान भक्तों को दान या जरूरतमंदों की मदद करनी चाहिए। बड़े मंगल के दिन व्रत रखने और हनुमान जी की आराधना करने से जीवन के समस्त संकट दूर होते हैं और बजरंगबली की कृपा बनी रहती है।



Post Comment