Avimukteshwaranand: गोरक्षा के लिए आवाज उठाने पर मिल रही बुलडोजर की धमकी
Avimukteshwaranand: गोरक्षा के लिए निकली धर्मयुद्ध यात्रा में बाधा डालने और समर्थकों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि कई कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में शामिल होने से रोकने के लिए उनके घरों में ही नजरबंद रखा गया। कुछ समर्थकों को उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की धमकी तक दी जा रही है। यात्रा के दौरान भी कई स्थानों पर रात्रि विश्राम की अनुमति नहीं मिलने के कारण समर्थकों को रात सड़क पर बितानी पड़ी।
उन्होंने कहा कि प्रशासन के असहयोग के कारण गो गर्जन अक्षौहिणी संकल्प कार्यक्रम अब डिजिटल माध्यम से आयोजित करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के लिए 4.64 लाख रुपये से अधिक शुल्क जमा करने के बावजूद अंतिम समय तक प्रशासन की ओर से स्पष्ट अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी देने और प्रशासन के रवैये पर आपत्ति जताने की बात कही।
राम मंदिर चढ़ावे की चोरी पर भी उठाए सवाल
अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने राम मंदिर में हुई चढ़ावा चोरी की घटना को भी सुनियोजित साजिश का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि वहां केवल चोरी ही नहीं, बल्कि कई अन्य गंभीर अनियमितताएं भी हुई हैं, जिनकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को कानूनी नोटिस भेजकर पूछा गया है कि स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती को किस आधार पर शंकराचार्य माना गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने हिसाब से बोलने वाले सरकारी शंकराचार्य तैयार करना चाहती है।



Post Comment