I.N.D.I.A. की बैठक से पहले लगे कांग्रेस विरोधी पोस्टर, ममता-अखिलेश पहुंचे दिल्‍ली

I.N.D.I.A. की बैठक से पहले लगे कांग्रेस विरोधी पोस्टर, ममता-अखिलेश पहुंचे दिल्‍ली

नई दिल्‍ली: इंडिया (I.N.D.I.A.) ब्लॉक की बैठक से पहले दिल्ली की अकबर रोड पर कांग्रेस के खिलाफ पोस्टर लगाए गए हैं। इनमें राहुल गांधी की तस्वीर और कांग्रेस के खिलाफ बयान हैं। एनसीपी-एससीपी चीफ शरद पवार की तस्वीर वाले पोस्टर पर लिखा है- ‘राहुल गांधी में कंसिस्टेंसी (स्थितरता) की कमी है।’ पोस्टर किसने लगाए, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।

वहीं, I.N.D.I.A ब्लॉक की बैठक सोमवार दोपहर 12 बजे दिल्ली के कॉन्टिट्यूशन क्लब में है। कांग्रेस का दावा है कि इसमें 23 विपक्षी दल शामिल होंगे। उन्होंने X पोस्ट में ‘इंडिया’ को ‘इंडिया जनबंधन’ लिखा। इस बैठक में शामिल होने के लिए एनसी नेता उमर अब्दुला, सपा नेता अखिलेश यादव दिल्ली पहुंच गए हैं। ममता बनर्जी, उनके भतीजे एक दिन पहले ही राजधानी पहुंच गए थे।

भाजपा प्रवक्ता बोले- इस गठबंधन के पास मिशन या विजन नहीं

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने I.N.D.I.A ब्लॉक पर निशाना साधते हुए कहा कि इस गठबंधन के पास कभी कोई मिशन या विजन नहीं था। यह हमेशा भ्रम और विभाजन की राजनीति का मंच रहा है। उन्होंने कहा कि ये लोग केवल पोस्टरों और तस्वीरों में एकजुट दिखाई देते थे, लेकिन अब उनके पोस्टर भी अलग-अलग हो गए हैं। इसलिए कहा जाता है कि ये लोग भले ही तस्वीरों में साथ आ जाएं, लेकिन इनके दिल कभी नहीं मिलते।

पूनावाला ने आरोप लगाया कि I.N.D.I.A ब्लॉक के घटक दलों के बीच वास्तविक एकता नहीं है और उनका साथ केवल राजनीतिक अवसरवाद तक सीमित है।

सौगत रॉय बोले- विपक्षी दलों का समर्थन TMC को मजबूत करेगा

TMC सांसद सौगत रॉय ने कहा- जब अभिषेक बनर्जी पर हमला हुआ था, तब कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे और राहुल गांधी ने निंदा की थी। उन्होंने कहा कि मुझे भाजपा में शामिल होने का ऑफर मिला था, लेकिन मैंने उसे ठुकरा दिया। मैं उसी पार्टी में रहूंगा, जिसके चुनाव चिह्न पर मैंने चुनाव जीता है।

संजय राउत बोले- राहुल गांधी से केंद्र सरकार डरी हुई है

शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा- राहुल गांधी पर सवाल उठाने वाले लोग मूर्ख हैं। वह देश के सबसे महत्वपूर्ण, लोकप्रिय और जोशीले नेताओं में से एक हैं। सरकार उनसे डरी हुई है। हमारी पार्टी I.N.D.I.A ब्लॉक की बैठक में वर्चुअली जुड़ेगी। हमारा केवल एक ही एजेंडा है कि देश के साथ विश्वासघात करने वाले लोगों को सत्ता से हटाना।

ओमप्रकाश राजभर बोले- TMC की ताकत जल्द खत्म होगी

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि सत्ता का प्रभाव कम होने के बाद TMC के कई विधायक और सांसद अब पार्टी की विचारधारा के साथ नहीं हैं। पार्टी के भीतर असंतोष बढ़ रहा है और कई जनप्रतिनिधि TMC से अलग होने के इच्छुक हैं। तृणमूल कांग्रेस के पास जो ताकत कभी थी, वह जल्द ही समाप्त हो जाएगी।

AAP सांसद बोले- पार्टी इस बैठक का हिस्सा नहीं

दिल्ली में INDIA गठबंधन की बैठक को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद संजय सिंह ने कहा कि हमारी पार्टी इस गठबंधन का हिस्सा नहीं है, इसलिए बैठक में शामिल होने का सवाल ही नहीं उठता।

I.N.D.I.A ब्लॉक की बैठक के लिए TVK को अभी तक नहीं मिला निमंत्रण

दिल्ली में आज होने वाली I.N.D.I.A ब्लॉक की बैठक के लिए तमिलनाडु की नई राजनीतिक पार्टी TVK को अभी तक निमंत्रण नहीं मिला है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी को बैठक में बुलाया जाएगा या नहीं, इस पर अभी कोई स्पष्टता नहीं है। दिल्ली के संविधान क्लब में होने वाली इस बैठक में TVK की भागीदारी को लेकर भी स्थिति साफ नहीं है।

अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी को आमंत्रित करने पर फैसला आज बाद में लिया जा सकता है। सूत्रों का कहना है कि फिलहाल TVK को बैठक का निमंत्रण नहीं भेजा गया है और उसकी मौजूदगी को लेकर अंतिम निर्णय अभी बाकी है।

3 साल में I.N.D.I.A से 3 बड़ी पार्टियां JDU, AAP, DMK हुईं अलग

JDU: नाराजगी की वजह- नीतीश कुमार को बड़ी जिम्मेदारी नहीं दी गई।

अब क्या स्थिति है- जनवरी 2024 में NDA का हिस्सा बनी।

AAM AADMI PARTY (AAP): नाराजगी की वजह- पार्टी हरियाणा में कांग्रेस सीट शेयरिंग के लिए नहीं मानी।

वर्तमान स्थिति- 18 जुलाई, 2025 से गठबंधन से अलग है।

DMK: नाराजगी की वजह – TVK को समर्थन देने के बाद कांग्रेस पर ‘धोखा’ देने का आरोप लगाया।

वर्तमान स्थिति- बैठक में शामिल नहीं होगी। लोकसभा की सीटिंग में कांग्रेस से अलग बैठने की बात कही।

Post Comment

You May Have Missed