पहलगाम आतंकी हमले में 27 पर्यटकों की मौत, शवों को अमित शाह ने दी श्रद्धांजलि; PM Modi सऊदी से लौटे

पहलगाम आतंकी हमले में 27 पर्यटकों की मौत, शवों को अमित शाह ने दी श्रद्धांजलि; PM Modi सऊदी से लौटे

पहलगाम: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार (22 अप्रैल) को हुए आतंकी हमले में 27 पर्यटकों की मौत हो गई। पहलगाम की बैसरन घाटी में मंगलवार दोपहर 2.45 बजे हुए इस हमले में 20 से अधिक लोग घायल हैं। हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा के विंग द रजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली है। फायरिंग के बाद आतंकी भाग निकले। अटैक के बाद देश के अन्य शहरों में हाई अलर्ट जारी किया गया है।

इंटेलिजेंस सूत्रों ने बताया कि पहलगाम अटैक में दो फॉरेन टेररिस्ट और दो लोकल आतंकी शामिल थे। इस बीच, उरी में घुसपैठ की कोशिश कर रहे 2 आतंकवादियों को सेना ने मार गिराया है। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि पर्यटकों को गोली मारने से पहले आतंकियों ने उनके नाम पूछे और कलमा भी पढ़वाया। इनमें एक UP के शुभम द्विवेदी थे, जिनका नाम पूछने के बाद आतंकियों ने उनके सिर में गोली मार दी। मृतकों में UP, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और ओडिशा के पर्यटक हैं। नेपाल और UAE के एक-एक टूरिस्ट और 2 स्थानीय भी मारे गए।

अमित शाह ने दी श्रद्धांजलि  

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, एलजी मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह बुधवार सुबह श्रीनगर पहुंचे। यहां अमित शाह ने अधिकारियों से बातचीत की। शाह ने पहलगाम हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि भी दी। सूत्रों के मुताबिक, शाह पहलगाम रवाना हो गए हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सऊदी अरब का दो दिन दौरा छोड़ बुधवार सुबह भारत लौट आए हैं। वे सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति की बैठक करेंगे।

बता दें कि जम्मू-कश्मीर में 14 फरवरी 2019 को हुए पुलवामा अटैक के बाद ये सबसे बड़ा हमला है। पुलवामा में CRPF के काफिले पर फिदायीन हमला हुआ था, इसमें 40 जवान शहीद हुए थे। इसकी जिम्मेदारी जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी।

जवानों को आतंकी समझ रोने लगे पर्यटक

पहलगाम अटैक के बाद जब भारतीय सेना के जवान बैसरन घाटी पहुंचे तो वहां मौजूद पर्यटकों ने उन्हें आतंकवादी समझ लिया। ऐसा इसलिए क्योंकि जिन आतंकवादियों ने फायरिंग की, वो भी वर्दी में थे।जवानों को देख महिलाएं और बच्चे हाथ जोड़कर रोने लगे। इसके बाद जवानों ने कहा कि हम इंडियन आर्मी में हैं। उन्होंने पर्यटकों को सुरक्षा का दिलासा दिया। इस घटना का वीडियो सामने आया है।

पुलगांव में फंसे पुणे के 67 पर्यटक

पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद पुणे जिले के उरुली कांचन इलाके से जम्मू-कश्मीर यात्रा पर गए 67 पर्यटक पुलगांव में फंस गए हैं। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। पर्यटकों ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उप मुख्यमंत्री अजित पवार से सुरक्षित वापसी की अपील की है।

Post Comment

You May Have Missed