Amarnath Yatra: पहला जत्था रवाना, बाबा बर्फानी के जयघोष गूंज उठा माहौल

Amarnath Yatra: पहला जत्था रवाना, बाबा बर्फानी के जयघोष गूंज उठा माहौल

Amarnath Yatra 2026: अमरेश्वर धाम में विराजे बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं ने कदम बढ़ा दिया है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने वीरवार सुबह करीब पांच बजे जम्मू के भगवतीनगर आधार शिविर से 4,822 भक्तों के पहले जत्थे को रवाना किया। 259 वाहनों से ये श्रद्धालु शाम को पहलगाम और बालटाल आधार शिविर पहुंच गए। शुक्रवार सुबह ये सभी आधार शिविर से अन्य श्रद्धालुओं के साथ पवित्र गुफा की ओर रवाना हो जाएंगे और महादेव के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

उपराज्यपाल ने भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं को रवाना किया। इस दौरान पूरा माहौल बाबा बर्फानी के जयघोष, शंखध्वनि और वैदिक मंत्रोच्चार से गूंज उठा। हर श्रद्धालु के चेहरे पर जल्द बाबा बर्फानी के दर्शन कर लेने की चमक थी। जम्मू से रवाना हुए जत्थे में 106 बसें, 39 बसों, 111 हल्के वाहन और 3 बाइक व स्कूटर शामिल रहे। जम्मू रवाना हुए भक्त 2,312 बालटाल और 2,510 पहलगाम मार्ग से यात्रा पर गए हैं।

उपराज्यपाल ने कहा कि श्री अमरनाथ यात्रा आस्था और आध्यात्मिक जागृति का पवित्र मार्ग है। श्रद्धालुओं की सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए उन्होंने कहा कि बाबा बर्फानी का आशीर्वाद सभी के जीवन में सुख, शांति और आनंद लेकर आए। प्रशासन, श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड, पुलिस, सेना, केंद्रीय सुरक्षा बलों और यात्रा से जुड़े सभी हितधारकों ने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।

जम्मू ये जत्था हुआ रवाना

-4,822 कुल तीर्थयात्री

-3,707 पुरुष श्रद्धालु

-816 महिला श्रद्धालु

-16 बच्चे

-246 साधु

-37 साध्वी

डीजीपी सुरक्षा और तैयारियां परखीं

डीजीपी नलिन प्रभात ने पहलगाम में जाकर अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षा और सुविधाओं के इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और जवानों से बातचीत की और सभी सुरक्षा एजेंसियों और सिविल प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल की जरूरत पर जोर दिया।

Post Comment

You May Have Missed