यूपी के 27 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, लखनऊ में बादल छाए; उमस-गर्मी बढ़ी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में कभी आंधी-बारिश तो कभी तेज धूप और उमस। प्रदेश में प्री-मानसून सक्रिय है। मौसम विभाग ने बुधवार को 27 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40-50 किमी रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। लखनऊ में सुबह से बादल छाए हैं। पश्चिम के ज्यादातर जिलों में सुबह से धूप है। काशी-प्रयागराज और कानपुर में भी गर्मी और उमस है। प्रदेश का अधिकतम पारा भी एक डिग्री बढ़ गया है।
मंगलवार को बांदा 43.4°C के साथ सबसे गर्म शहर रहा। जबकि एक दिन पहले सोमवार को 42.4°C पारा दर्ज किया गया था। मंगलवार को प्रदेश में 10 शहरों में बारिश हुई। गोरखपुर, महाराजगंज और झांसी में तेज बारिश हुई। महाराजगंज में सड़कों पर पानी भर गया।
20 से 25 जून तक एंट्री ले सकता है मानसून
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि पश्चिमी यूपी और तराई इलाकों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। तेज हवाएं चलने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी से नमी भरी हवा आ रही है और पश्चिमी हवाओं का भी असर है। इस वजह से प्री-मानसून की बारिश हो रही है। मानसून बिहार बॉर्डर पर महाराजगंज जिले के पास तक पहुंच चुका है। उम्मीद है कि 20 से 25 जून के बीच मानसून सोनभद्र के रास्ते यूपी में प्रवेश कर सकता है।
अगले 5 दिन का मौसम
- 18 जून: पूरे प्रदेश में बादलों की आवाजाही रहेगी। कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।
- 19 जून: पूरे प्रदेश में हल्की से भारी बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं तूफान भी आ सकता है।
- 20 जून: प्रदेश के अधिकांश जिलों में बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं जोरदार बारिश हो सकती है।
- 21 जून: पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। तेज हवाएं चलेंगी। कहीं-कहीं बादलों की आवाजाही के कारण बूंदाबांदी हो सकती है।
- 22 जून: प्रदेश के अधिकांश जिलों में बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं तेज रफ्तार के साथ जोरदार बारिश हो सकती है।
27 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मथुरा, आगरा, हाथरस, कासगंज, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, कन्नौज, फर्रुखाबाद, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, फतेहपुर, हमीरपुर, बांदा, महोबा, ललितपुर, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, भदोही, मिर्जापुर, वाराणसी, चंदौली और सोनभद्र।



Post Comment