अखिलेश यादव ने मेदांता पहुंच बीजेपी विधायक अनुपमा जायसवाल का जाना हाल

अखिलेश यादव ने मेदांता पहुंच बीजेपी विधायक अनुपमा जायसवाल का जाना हाल

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मेदांता अस्पताल पहुंचकर भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल के स्वास्थ्य की जानकारी ली। बता दें कि अनुपमा जायसवाल बहराइच सदर सीट से भाजपा विधायक हैं और पूर्व में राज्य सरकार में मंत्री का पद भी संभाल चुकी हैं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम का लोकसभा में प्रस्ताव गिरने के विरोध में वह अखिलेश यादव का पुतला फूंक रही थीं, तभी वह झुलस गई थीं।

सपा सुप्रीमो ने सोशल मीडिया पर लिखा- ‘हम नहीं चाहते हैं कि समाज के बीच आग जले। हम चाहते हैं समाज में सौहार्द की फुहार हो। हमारी सकारात्मक राजनीति की स्वस्थ परंपरा ने हमें यही सिखाया है। इसीलिए हम भाजपा विधायक श्रीमती अनुपमा जायसवाल जी से मिलने गये और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करके आएं हैं। राजनीति अपनी जगह है और मानवीय संबंधों का महत्व अपनी जगह।’

बहराइच में नारी शक्ति वंदन अधिनियम से जुड़े मुद्दे पर भाजपा द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान अनुपमा जायसवाल अखिलेश यादव और राहुल गांधी के पुतले जलाने की प्रक्रिया में शामिल थीं। पुतला जलाते समय अचानक लपटें बढ़ गईं और अनुपमा जायसवाल उसकी चपेट में आ गईं। जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए लखनऊ के मेदांता रेफर किया गया। अखिलेश यादव ने अस्पताल पहुंचकर अनुपमा जायसवाल का हाल-चाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Post Comment

You May Have Missed