Akhilesh Yadav का दावा- गोरखपुर में बीजेपी को जीरो पर लायेंगे
Akhilesh Yadav: सपा मुखिया और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला है। अखिलेश यादव ने बुधवार को सपा कार्यालय में प्रेसवार्ता की। इस दौरान कहा, भाजपा के लिए धर्म का मतलब धन है। इस सरकार में अमीर आदमी अमीर हो रहा है, जबकि गरीब आदमी गरीब होता रहा है। इस बार हम गोरखपुर में बीजेपी को जीरो पर लाने के लिए काम करेंगे। हमने गोरखपुर में नतीजे बदलने का संकल्प लिया है। बहुत जल्द पार्टी संगठन यह तय करेगा कि गोरखपुर में पार्टी की बैठक कब की जाए। अखिलेश ने कहा कि गोरखपुर में 500 प्राइमरी स्कूल बंद कर दिए गए, जिससे सीधे-सीधे 1500 लोगों की सरकारी नौकरी छीन ली गई।
सपा मुखिया ने गोरखपुर में दलितों के खिलाफ अपराध और पब्लिक हेल्थ को लेकर भी डेटा दिखाया। अखिलेश यादव ने दावा किया कि गोरखपुर के नेताओं ने इस बार परिणाम बदलने का संकल्प लिया है। वहां घेरकर भाजपा को जीरो करने का काम किया जाएगा। अखिलेश यादव ने कहा, भाजपा ने जहां अन्य चुनाव में बेईमानी की थी, वहां से सीसीटीवी गायब हो गए। क्योंकि सीसीटीवी से चढ़ावा चोरी का राज खुल जाएगा। हम लोगों ने समय-समय पर बताया कि कैसे अयोध्या में जमीन घोटाला हुआ। किस तरह व्यापारियों की दुकानें तोड़ी गईं, व्यापारी हमसे मिलने आए थे।
…जो बहादुर होगा वही टिकेगा
अखिलेश यादव ने कहा, समाजवादी लोग बहुत मजबूती से भाजपा से लड़ाई लड़ रहे हैं। जब अखिलेश से पूछा गया कि समाजवादी पार्टी के सांसदों में टूट-फूट की चर्चाएं हो रहीं हैं? उन्होंने कहा कि इससे पहले भी भाजपा ने हमारे विधायक और सांसद तोड़े हैं, जो मजबूत होगा, बहादुर होगा, वही भाजपा से हमारी इस लड़ाई में शामिल होगा। रही बात सपा सांसदों के टूटने की तो भाजपा के कई विधायक हमारे संपर्क में हैं। समय आने पर इसका पता भी चल जाएगा।
वहीं अखिलेश यादव ने भाजपा को लोकतंत्र के लिए खतरा बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक व्यवस्था को नष्ट करने पर उतारू है। समाजवादी पार्टी की जिम्मेदारी लोकतंत्र बचाने की है, अन्यथा 2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव अंतिम चुनाव होगा। अखिलेश ने आवाहन किया किसमाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता एकजुट होकर लोकतंत्र बचाने में जुटें। वोटर लिस्ट और बूथ पर ध्यान लगाएं। सभी कार्यकर्ताओं का व्यवहार शिष्ट होना चाहिए। प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है।
भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है। भाजपा हर स्तर पर घोटाला कर रही है। भ्रष्टाचार से प्रदेश की जनता त्रस्त है। जमीनों पर अवैध कब्जे हो रहे हैं। पीडीए समाजवादी पार्टी के साथ है, इसलिए भाजपा घबराई हुई है। भाजपा पीडीए के खिलाफ साजिश कर रही है।



Post Comment