UP के 75 जिलों में ‘पेपर लीक पर चर्चा’ करेगी आम आदमी पार्टी

UP के 75 जिलों में ‘पेपर लीक पर चर्चा’ करेगी आम आदमी पार्टी

Sanjay Singh: आम आदमी पार्टी के नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने प्रयागराज में आयोजित “पेपर लीक पर चर्चा” कार्यक्रम में भाजपा सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश और देश में लगातार हो रहे पेपर लीक ने करोड़ों युवाओं की मेहनत और सपनों को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि नीट समेत विभिन्न भर्ती और बोर्ड परीक्षाओं में हुई धांधली के खिलाफ छात्र अपनी पीड़ा साझा कर रहे थे, लेकिन प्रशासनिक अमला कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गया और पूरी ताकत लगाकर इस शांतिपूर्ण चर्चा को रोकने तथा दबाव बनाने का प्रयास किया। संजय सिंह ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताते हुए प्रदेश के सभी 75 जिलों में “पेपर लीक पर चर्चा” अभियान चलाने तथा बाद में राजधानी लखनऊ में छात्रों के साथ बड़ा घेराव करने का ऐलान किया। संजय सिंह ने कहा कि नीट परीक्षा का पेपर लीक होने से 22 लाख छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पेपर लीक और भर्ती घोटालों का सिलसिला भाजपा सरकार के कार्यकाल में लगातार बढ़ता गया है।

75 जिलों मेंपेपर लीक पर चर्चाकार्यक्रम का होगा आयोजन

संजय सिंह ने आरोप लगाया कि जिन कंपनियों को परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी दी गई, उनमें से कई पहले से ब्लैक लिस्टेड थीं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश विद्युत निगम की परीक्षा और पुलिस भर्ती जैसी संवेदनशील परीक्षाओं का संचालन उन्हीं एजेंसियों को सौंपा गया जिन पर पहले सवाल उठ चुके थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इन कंपनियों को भाजपा सरकार का संरक्षण प्राप्त है और इन्हें इसलिए बचाया जाता है क्योंकि इन्होंने भाजपा को करोड़ों रुपये का चंदा दिया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली को जानबूझकर ऐसे हाथों में सौंपा गया जिनकी विश्वसनीयता पहले से संदेह के घेरे में रही है। संजय सिंह ने घोषणा की कि आम आदमी पार्टी अब पूरे उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में “पेपर लीक पर चर्चा” कार्यक्रम आयोजित करेगी। प्रत्येक जिले में छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों और छात्र संगठनों के साथ संवाद किया जाएगा। इसके बाद राजधानी लखनऊ में छात्रों का बड़ा घेराव आयोजित कर सरकार से जवाब मांगा जाएगा कि आखिर युवाओं का भविष्य बार-बार क्यों बर्बाद किया जा रहा है।

Post Comment

You May Have Missed