बरेली के परसाखेड़ा में बनेगा मॉडर्न डाटा सेंटर, कमिश्नर ने दिए समय से काम पूरा करने के निर्देश
बरेली: बरेली कमिश्नरी सभागार में मंडलायुक्त भूपेन्द्र एस चौधरी की अध्यक्षता में मण्डलीय उद्योग बन्धु समिति एवं जीबीसी (ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी) 01 से 05 की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में कमिश्नर ने निर्देश दिए कि औद्योगिक विकास से जुड़ी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, जिससे उद्यमियों को किसी भी समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने के लिए हर स्तर पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक के दौरान सचिव बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने नाथधाम एमएसएमई टाउनशिप योजना की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रसूला चौधरी, मिटौरा नौगवां, चिटौली और रहपुरा जागीर जैसे चार गांवों की कुल 126.3043 हेक्टेयर भूमि को भू-स्वामियों की आपसी सहमति से खरीदने का प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है। इस योजना के लिए 22 अप्रैल 2026 से भूमि क्रय करने की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से प्रारंभ कर दी गई है। यह टाउनशिप क्षेत्र के लघु और मध्यम उद्योगों के लिए मील का पत्थर साबित होगी।
परसाखेड़ा में बनेगा आधुनिक डाटा सेंटर और नया फायर स्टेशन
बैठक में यूपीसीडा के आरएम ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र परसाखेड़ा में अग्निशमन केंद्र की स्थापना के लिए भूखण्ड संख्या बी-29 के उपविभाजन का प्रस्ताव तैयार किया गया है। भूमि के सृजन के बाद अग्निशमन विभाग को आवंटन कर प्राधिकरण द्वारा फायर स्टेशन का निर्माण कराया जाएगा। खास बात यह है कि इस फायर स्टेशन के साथ-साथ यूपीसीडा का नया कार्यालय और एक अत्याधुनिक डाटा सेंटर भी बनाया जाएगा।
इसके अलावा, भोजीपुरा औद्योगिक आस्थान में जल निकासी की समस्या पर कमिश्नर ने उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए कि बजट आवंटन के लिए व्यक्तिगत प्रयास करें और अगली बैठक से पहले प्रगति रिपोर्ट पेश करें।
मंडी समिति के पोर्टल में होगा सुधार
फरीदपुर इंडस्ट्रियलिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह ने मंडी समिति के गेट पास और ई-वे बिल के समय में विसंगति का मुद्दा उठाया। इस पर उप निदेशक मंडी समिति ने बताया कि नया पोर्टल विकसित किया जा रहा है जो मई 2026 से लागू हो जाएगा। कमिश्नर ने निर्देश दिए कि ई-वे बिल के अनुसार ही गेट पास की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए शासन स्तर पर पत्र प्रेषित किया जाए। वहीं, बिजली विभाग के मुख्य अभियंता ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्रों में निर्बाध आपूर्ति के लिए अतिरिक्त स्टाफ तैनात कर दिया गया है।
बरेली मण्डल में निवेश की स्थिति और जीबीसी की प्रगति
संयुक्त आयुक्त उद्योग श्रीनाथ पासवान ने बताया कि बरेली मंडल में जीबीसी 1 से 4 तक के कुल 308 एमओयू (36261.35 करोड़ रुपये) तैयार हैं, जिनमें से 277 इकाइयों ने व्यावसायिक उत्पादन शुरू कर दिया है। इसी तरह जीबीसी 5.0 के तहत 141 एमओयू (9741.31 करोड़ रुपये) तैयार हैं और 98 इकाइयों में 6064.65 करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर आ चुका है।
कमिश्नर ने संयुक्त आयुक्त को हर माह इसकी प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए। बैठक में बीडीए सचिव वंदिता श्रीवास्तव, संयुक्त आयुक्त उद्योग श्रीनाथ पासवान, उपायुक्त उद्योग विकास यादव समेत उद्यमी अजय शुक्ला, अभिनव अग्रवाल और गुरप्रीत सिंह सहित अन्य अधिकारी व उद्यमी उपस्थित रहे।
संक्षिप्त आंकड़े
जीबीसी 1 से 4 की प्रगति:
कुल एमओयू: 308 (36261.35 करोड़ रुपये)
उत्पादन शुरू करने वाली इकाइयां: 277 (8858.77 करोड़ रुपये)
जीबीसी 5.0 की प्रगति:
कुल एमओयू: 141 (9741.31 करोड़ रुपये)
उत्पादन शुरू करने वाली इकाइयां: 98 (6064.65 करोड़ रुपये)
नाथधाम टाउनशिप भूमि:
कुल प्रस्तावित भूमि: 126.3043 हेक्टेयर (4 गांव)।



Post Comment