जापान में सीएम योगी को बच्ची ने लगाया तिलक, दिया यूपी में निवेश का न्‍योता

जापान में सीएम योगी को बच्ची ने लगाया तिलक, दिया यूपी में निवेश का न्‍योता

टोक्‍यो: उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर जापान में हैं। यह उनका पहला जापान दौरा है। वहां एक बच्ची ने तिलक लगाकर योगी का स्वागत किया। योगी ने टोक्यो में भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नया उत्तर प्रदेश अब दंगा और अंधकार नहीं, बल्कि विकास, विरासत और उत्सवों की पहचान बन चुका है। जापान को ‘राइजिंग सन’ की धरती कहा जाता है, लेकिन भारत ‘सन ऑफ द सन’ की भूमि है।

भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए सीएम ने प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि महाकुंभ में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालु पहुंचे, जो कई देशों की कुल आबादी से भी अधिक है। पूरे वर्ष में लगभग 156 करोड़ पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचे, जिन्होंने उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों काशी, अयोध्या, मथुरा-वृंदावन और बौद्ध तीर्थ स्थलों की यात्रा की। कोई भी समाज अपनी विरासत पर गर्व करके ही आगे बढ़ सकता है। विरासत पर गर्व अपने पूर्वजों और महापुरुषों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का माध्यम है। हमारे बारे में पूछा जाता है कि हम सनातनी क्यों हैं? क्योंकि ‘कृते च प्रति कर्तव्यं’ अर्थात किसी ने हमारे लिए कुछ किया है तो उसके प्रति आभार व्यक्त करना हमारा कर्तव्य है।

दीपों से जगमगाता आज का अयोध्या

सीएम योगी ने अयोध्या दीपोत्सव का जिक्र किया और कहा कि साल 2017 से पहले दीपावली इस भव्यता के साथ नहीं मनाई जाती थी। 2017 में सरकार बनने के बाद हमने दीपोत्सव आयोजित करने का निर्णय लिया। पहली बार जब दीप प्रज्ज्वलन की योजना बनी, तब 51 हजार दीपक भी अयोध्या और आसपास उपलब्ध नहीं थे। उस समय पूरे प्रदेश से 51 हजार दीपक इकट्टे किए गए थे। आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। अब अयोध्या में 25 से 30 लाख दीपक एक साथ प्रज्ज्वलित किए जाते हैं। ये सभी दीपक स्थानीय स्तर पर बनाए जाते हैं।

उन्‍होंने कहा कि अब यूपी में दंगा और कर्फ्यू की खबरें नहीं आतीं, बल्कि विकास और उत्सवों की चर्चा होती है। अयोध्या में दीपोत्सव, वाराणसी में देव दीपावली, मथुरा-वृंदावन में रंगोत्सव और बरसाना की लट्ठमार होली जैसे आयोजन प्रदेश की नई पहचान हैं।

हमने बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की

मुख्‍यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में कनेक्टिविटी और बिजली आपूर्ति का गंभीर संकट था। पहले की सरकारों के अधिकतर काम अंधेरे में होते थे। पहले की सरकारों की प्रवृत्ति ही लूट-खसोट की थी। हमारी सरकार का लक्ष्य प्रदेश को भय और डकैती के माहौल से मुक्त करना था। इसके लिए प्रदेश में उजाला सबसे जरूरी था। उन्होंने कहा, “हम सूर्य पुत्र हैं, इसलिए हमने प्रदेश में बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की।”

बच्चों की प्रतिभा देख बोले– ‘मन छू लिया’

सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने कार्यक्रम में बेटियों की प्रस्तुति की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत से हजारों किलोमीटर दूर रहकर बच्चों ने जिस तरह अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, वह उनकी कल्पना से भी परे था। इतनी दूर रहकर भी जिस आत्मविश्वास और लगन से आपने भारतीय संस्कृति को मंच पर जीवंत किया, वह बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि- प्रस्तुति में बेटियां ही नजर आईं, पुरुष प्रतिभागी नहीं थे।

यूपी में निवेश का दिया न्योता

इससे पहले योगी ने जापान की राजधानी टोक्यो में ‘यूपी इन्वेस्टमेंट रोडशो’ में हिस्सा लिया। निवेशकों से बात की। उन्हें संबोधित करते हुए यूपी में आपार संभावनाओं का जिक्र किया। उन्होंने जापानी निवेशकों को यूपी आने का न्योता दिया। कहा- उत्तर प्रदेश में जितनी चुनौतियां हैं, उतनी ही संभावनाएं हैं।

योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत-जापान रिश्ते मजबूत हुए हैं। यूपी आबादी के लिहाज से देश का सबसे बड़ा राज्य है। जितनी बड़ी आबादी है, उतनी बड़ी चुनौतियां हैं, उतनी ही ज्यादा संभावनाएं हैं। इन संभावनाओं को जमीन पर उतारने के लिए हम 9 साल से काम कर रहे हैं।

यूपी की अर्थवव्‍यस्‍था तीन गुना बढ़ी

सीएम योगी ने कहा, भारत में सबसे तेज गति से आगे बढ़ने वाले राज्य के तौर पर यूपी ने खुद को स्थापित किया है। यूपी ने अपनी अर्थव्यवस्था को तीन गुना, प्रति व्यक्ति आय को तीन गुना करने में सफलता पाई है। भारत की इकोनॉमी में कभी यूपी एक बीमारू राज्य माना जाता था, आज यह भारत की इकोनॉमी का इंजन बनकर खड़ा है। उन्‍होंने कहा कि आइए, आप सभी यूपी के सुरक्षित माहौल में निवेश करिए, अपने कारोबार को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के सपने को पूरा करिए। हम और हमारी सरकार आपका हमारे प्रदेश में स्वागत करने के लिए तैयार हैं।

Post Comment

You May Have Missed