उत्तर प्रदेश
राजनीति
Maha Kumbh 2019, Maha Kumbh 2025, Maha Kumbh Stampede, Prayagraj Maha Kumbh 2025, Prayagraj Mahakumbh stampede, Prayagraj News, Supreme Court, UP Government, UP News, Yogi Government, प्रयागराज महाकुंभ 2025, महाकुंभ 2019, महाकुंभ 2025, महाकुंभ भगदड़, यूपी सरकार, योगी सरकार, सुप्रीम कोर्ट
Shailendra Singh
0 Comments
सुप्रीम कोर्ट पहुंचा महाकुंभ भगदड़ मामला, सरकार ने कुंभ 2019 में तैनात रहे अफसरों को तत्काल भेजा
प्रयागराज: संगम नगरी में आयोजित महाकुंभ का गुरुवार (30 जनवरी) को 18वां दिन है। आज सुबह 8 बजे तक 55.11 लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया। 13 जनवरी से शुरू हुए महाकुंभ में अब तक 28.13 करोड़ श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। मौनी अमावस्या (29 जनवरी) पर लगभग आठ करोड़ लोगों ने स्नान किया। इसी बीच राज्य सरकार ने साल 2019 में कुंभ में तैनात रहे अधिकारियों को तत्काल बुलाया है, जिससे व्यवस्थाएं और बेहतर की जा सकें।
मौनी अमावस्या पर मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात को भगदड़ मच गई थी। इस हादसे में सरकार की ओर से अब तक 30 मौतों की पुष्टि की गई है। वहीं, 60 घायल हुए हैं। आज महाकुंभ में भीड़ कम है। मौनी अमावस्या की रात मेले में भगदड़ मचने के बाद से कई लोग लापता हैं। उनके परिवार वाले ढूंढते हुए खोया पाया सेंटर पर पहुंच रहे हैं। जो अकेले लोग अपने परिवार से बिछड़ जाते हैं, उन्हें यहां 24 घंटे रखा जा रहा है, जिससे घरवाले ढूंढते हुए यहां आकर उन्हें ले सकें।
कुंभ-2019 के अफसरों को तत्काल भेजा
महाकुंभ में अब अनुभवी ऑफिसर्स की ड्यूटी लगाई गई है। IAS आशीष गोयल और भानु चंद्र गोस्वामी को तत्काल प्रयागराज पहुंचने को कहा गया है। 2019 अर्ध कुंभ गोयल और गोस्वामी की जोड़ी ने विजय किरण के साथ मिलकर करवाया था। भानु तब DM और प्राधिकरण के VC थे। आशीष गोयल तब के इलाहाबाद के कमिश्नर और अर्धकुंभ मेला के प्रभारी थे। पांच और विशेष सचिव रैंक के अधिकारियों को कुंभ भेजा गया है, जिनका अनुभव रहा है। हालांकि, पुलिस विभाग में अभी किसी को कुंभ जाने को नहीं कहा गया।
सीएम योगी ने कई जिलों के अफसरों के साथ की मीटिंग
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देर रात शासन के अधिकारियों के साथ प्रयागराज, कौशांबी, वाराणसी, अयोध्या, मिर्जापुर, बस्ती, जौनपुर, चित्रकूट, बांदा अंबेडकरनगर, प्रतापगढ़, संतकबीरनगर, भदोही, रायबरेली, गोरखपुर में तैनात सीनियर पुलिस अफसरों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की और अहम दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने ADG जोन प्रयागराज और DM से मेला क्षेत्र में लगातार सतर्क रहने और सावधानी बरतने को कहा। एक-एक श्रद्धालु को सुरक्षित महाकुंभ से भेजने को भी कहा।
भगदड़ में ड्यूटी पर तैनात दरोगा की हुई मौत
प्रयागराज महाकुंभ में भगदड़ के दौरान ड्यूटी पर तैनात दरोगा अंजनी राय की मौत हो गई। बहराइच के अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि महाकुंभ में तबीयत खराब होने से दरोगा की मौत हो गई। प्रयागराज पुलिस ने तुरंत परिजनों को सूचित किया, जिसके बाद परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे।
भगदड़ पर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल
महाकुंभ भगदड़ से हुई मौत मामले में सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दाखिल हुई है। याचिका में भगदड़ पर यूपी सरकार से स्टेटस रिपोर्ट और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की गई है। सुप्रीम कोर्ट के वकील विशाल तिवारी ने याचिका दाखिल की है।
भगदड़ के बाद आगरा-वाराणसी वंदे भारत ट्रेन निरस्त
मौनी अमावस्या पर प्रयागराज में संगम पर हुई भगदड़ के बाद आगरा रेल मंडल ने आगरा-वाराणसी वंदे भारत ट्रेन निरस्त कर दी है। रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 20176 (आगरा कैंट-बनारस) और 20175 (बनारस-आगरा कैंट) 30 जनवरी को निरस्त रहेगी।
बुधवार सुबह मची भगदड़ में पांच मौतें
इसके अलावा महाकुंभ में बुधवार सुबह भी भगदड़ मची। हालांकि, घटना देर रात सामने आई। दरअसल, ओल्ड जीटी रोड की तरफ से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मेला क्षेत्र में आ रहे थे। इसी बीच मुक्ति मार्ग से एक महामंडलेश्वर की गाड़ी गुजर रही थी। इसी दौरान 2-3 महिलाएं वहां गिर पड़ीं। गाड़ी महिलाओं को रौंदते हुए निकल गई। इसके बाद भगदड़ जैसी स्थिति हो गई, जिसमें पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक बच्ची भी थी। क्षेत्राधिकारी रुद्र प्रताप ने बताया कि यह घटना बुधवार सुबह 8 से 9 बजे के बीच में हुई। गाड़ी बैक करने के दौरान पांच लोग घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए स्वरूपरानी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों की शिनाख्त कराई जा रही है।



Post Comment