सैफ अली की मेडिकल रिपोर्ट में पांच जगह चोट लगने की बात, पुलिस ने दर्ज किया बयान

सैफ अली की मेडिकल रिपोर्ट में पांच जगह चोट लगने की बात, पुलिस ने दर्ज किया बयान

Saif Ali Khan Attack Case: बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान चाकू से पांच जगहों पर घायल हुए थे। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, उनको पीठ, कलाई, गर्दन, कंधे और कोहनी पर चोटें लगी थीं। उन्हें उनके दोस्त अफसर जैदी ने ऑटो रिक्शा में मुंबई के लीलावती अस्पताल पहुंचाया था। रिपोर्ट में कहा गया है कि चोटों का आकार 0.5 सेंटीमीटर से लेकर 15 सेमी तक है। हमले की रात सैफ के दोस्त अफसर जैदी उन्हें सुबह 4:11 बजे लीलावती अस्पताल ले गए और औपचारिकताएं पूरी कीं।

वहीं, गुरुवार को मुंबई पुलिस ने सैफ अली खान के बयान दर्ज किए। उन्होंने बताया कि 16 जनवरी की रात वे और उनकी पत्नी करीना कपूर 11वीं मंजिल पर अपने बेडरूम में थे, जब उन्होंने अपनी नर्स एलियामा फिलिप की चीखें सुनीं। वे जहांगीर के कमरे की ओर भागे, जहां एलियामा फिलिप भी सोती थीं। वहां उन्होंने एक अजनबी को देखा, जहांगीर भी रो रहा था। सैफ ने बताया कि उन्होंने अनजान शख्स को पकड़ लिया। इसके बाद उसने हमला कर दिया, जिससे सैफ घायल हो गए। इसके बाद हमलवार धक्का देकर भाग गया।

महाराष्ट्र के मंत्री बोले- सैफ अली खान पर हमला संदिग्ध

उधर, महाराष्ट्र के मंत्री और भाजपा नेता नितेश राणे ने बुधवार को पुणे की एक सभा में कहा कि आप मुंबई में बांग्लादेशियों को देखिए। वे सैफ के घर में घुस रहे हैं। पहले वे सड़क के किनारे खड़े रहते थे, अब उन्होंने घर में घुसना शुरू कर दिया है। हो सकता है कि वह उन्हें (सैफ अली खान) ले जाने आया हो। अच्छा है, कचरे को कहीं और ले जाना चाहिए।

उन्‍होंने कहा कि NCP (शरद पवार) की नेता सुप्रिया सुले और जीतेंद्र आव्हाड़ सैफ अली खान, शाहरुख खान के बेटे और नवाब मलिक को लेकर ही चिंता जताते हैं। जब किसी हिंदू एक्टर पर हमला होता है तो ये लोग कभी आगे नहीं आते। मैंने देखा, जब वे हॉस्पिटल से निकल रहे थे। मुझे शक है कि सैफ अली खान पर हमला हुआ या वे एक्टिंग कर रहे थे। वे पैदल जाते हुए डांस कर रहे थे।

Post Comment

You May Have Missed