Pankaj Chaudhary: युवाओं और छात्रों को राजनीतिक स्वार्थ का माध्यम बना रही कांग्रेस
Pankaj Chaudhary: यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कांग्रेस के हालिया प्रदर्शनों को राजनीतिक हताशा का परिणाम बताते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास और जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन लोकतांत्रिक विरोध नहीं, बल्कि अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता बचाने का प्रयास है। प्रधानमंत्री का पद 140 करोड़ भारतीयों के जनादेश का प्रतीक है और उसकी गरिमा को चुनौती देना लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है। यदि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा है तो उसे संसद और संवैधानिक संस्थाओं के माध्यम से उठाना चाहिए।
पंकज चौधरी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति अब केवल विरोध तक सीमित रह गई है। उन्होंने कहा कि जब भारत आर्थिक, सामरिक और वैश्विक स्तर पर नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है, तब कांग्रेस देश की सफलता पर गर्व करने के बजाय नकारात्मकता फैलाने में लगी है। उनके अनुसार कांग्रेस के पास न विकास का कोई विजन है और न ही कोई सकारात्मक एजेंडा।
युवाओं और छात्रों को राजनीतिक स्वार्थ का माध्यम बना रही कांग्रेस
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस युवाओं और छात्रों को राजनीतिक स्वार्थ का माध्यम बना रही है, जबकि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार नई शिक्षा नीति, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं के जरिए युवाओं को अवसर और कौशल प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने हाल ही में रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना, महिला छात्रावास निर्माण, उच्च शिक्षा संस्थानों को अनुदान और आधारभूत ढांचे के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। साथ ही 333 किलोमीटर लंबे विंध्य एक्सप्रेसवे, नई बसों की खरीद और अन्य विकास परियोजनाओं को मंजूरी देकर प्रदेश के विकास को नई गति दी गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास, सुशासन, महिला सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण की राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस भ्रम और अस्थिरता फैलाने का प्रयास कर रही है।



Post Comment