UP: धर्मपाल सिंह की दो टूक, कहा- बाढ़ संभावित क्षेत्रों में भूसे-चारे का प्रबंध सुनिश्चित करें
UP: प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ संभावित एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में गोवंश एवं अन्य पशुओं के लिए भूसे एवं हरे चारे की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। जलभराव के दृष्टिगत गो आश्रय स्थलों का चिंहाकन भी कर लें। पशुओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएं। साथ ही पशुओं में संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए संचालित टीकाकरण अभियान का निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं। पशुधन मंत्री ने मुख्यमंत्री सहभागिता योजनान्तर्गत 20 जुलाई से तीन अगस्त 2026 तक संचालित होने वाले विशेष गोवंश सुपुर्दगी अभियान को मिशन मोड में चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र कृषकों एवं पशुपालकों को योजना से जोड़ा जाए तथा गोवंश सुपुर्दगी की समस्त कार्यवाही शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाए।
अधिक से अधिक पशुपालकों को बीमा योजनाओं का लाभ दिलाया जाए
मंत्री धमर्पाल सिंह ने सुपुर्द किए गए गोवंशों का नियमित अनुश्रवण एवं सत्यापन सुनिश्चित करने, उनके स्वास्थ्य एवं रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने तथा गो-आश्रय पोर्टल पर तत्काल प्रविष्टि कर लाभार्थियों को समय से भरण-पोषण की धनराशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पशुधन मंत्री ने लाभार्थियों के चयन में महिलाओं एवं कुपोषित परिवारों को प्राथमिकता देने, अभियान की साप्ताहिक प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा अधिकाधिक निराश्रित गोवंशों को पात्र लाभार्थियों के सुपुर्द कर अभियान के उद्देश्यों को सफलतापूर्वक पूरा करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। मंत्री ने मुख्यमंत्री जोखिम प्रबंधन एवं पशुधन बीमा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिक से अधिक पशुपालकों को बीमा योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित सभी कार्यों में गुणवत्ता के मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि सभी कार्य पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ किए जाएं तथा विभागीय योजनाओं और अभियानों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।



Post Comment