IIA गोरखपुर मंडल में अभिजीत उपाध्याय और अचिन्त्य लाहिड़ी लगातार दूसरी बार अपने पदों पर बरकरार
गोरखपुर/लखनऊ: इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने गोरखपुर क्षेत्र के लिए वर्ष 2026-27 के कार्यकाल के लिए महत्वपूर्ण संगठनात्मक नियुक्तियां की हैं। संगठन द्वारा जारी आधिकारिक मनोनयन पत्रों के अनुसार, लगातार दूसरी बार पेटल ग्लास इंडस्ट्रीज के अभिजीत उपाध्याय को गोरखपुर मंडल का डिविजनल चेयरमैन मनोनीत किया गया है। साथ ही, लाहिड़ी होटल्स प्राइवेट लिमिटेड (होटल विवेक) के अचिन्त्य लाहिड़ी को भी फिर से गोरखपुर जिला चैप्टर चेयरमैन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों पदाधिकारियों का कार्यकाल 01 जुलाई 2026 से शुरू होकर 30 जून 2027 तक रहेगा।
गोरखपुर मंडल के नए डिविजनल चेयरमैन अभिजीत उपाध्याय को भेजे पत्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने उनके नेतृत्व और संगठन के प्रति उनकी सेवाओं की सराहना की है। मंडल स्तर पर उन्हें मुख्य रूप से सभी जिलों में सदस्यों की संख्या बढ़ाने, प्रत्येक जिले में सक्रिय चैप्टर और कार्यकारी समितियों का गठन सुनिश्चित करने तथा प्रतिवर्ष कम से कम चार बड़े मंडल-स्तरीय सम्मेलनों व क्षमता विकास कार्यक्रमों के आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही वे मंडल आयुक्त (डिविजनल कमिश्नर) और संयुक्त आयुक्त (उद्योग) जैसे वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर उद्यमियों के हितों की पैरवी करेंगे।

स्थानीय उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करेंगे अचिन्त्य लाहिड़ी
गोरखपुर जिला चैप्टर के नव-मनोनीत चेयरमैन अचिन्त्य लाहिड़ी को स्थानीय स्तर पर एमएसएमई से जुड़े सेमिनार, वर्कशॉप और बी2बी बैठकों का आयोजन करने की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि उद्यमी सरकार की विभिन्न योजनाओं (जैसे ZED, LEAN, PMS और ICC स्कीम्स) का सीधा लाभ उठा सकें। इसके अतिरिक्त, अचिन्त्य लाहिड़ी जिला प्रशासन, उद्योग बंधु, जिला उद्योग केंद्र (DIC), सिडबी (SIDBI) और स्थानीय बैंकों के साथ मिलकर काम करेंगे। वे हर महीने की 5 तारीख तक चैप्टर की परफॉर्मेंस रिपोर्ट राष्ट्रीय कार्यालय को भेजेंगे और सदस्यों की समस्याओं के त्वरित रेड्रेसल के लिए हेल्प-डेस्क का संचालन करेंगे।

उज्जवल रौनियार और जे.पी. जयसवाल को भी जिम्मेदारी
संगठन के विस्तार और गोरखपुर मंडल व चैप्टर की गतिविधियों को सुचारू रूप से चलाने के लिए कार्यकारिणी में अन्य प्रमुख पदों पर भी महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गई हैं। इसके तहत उज्जवल रौनियार को भी दोबारा चैप्टर सेक्रेटरी और जे.पी. जयसवाल को नेशनल सेक्रेटरी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन अनुभवी चेहरों को शामिल करने से संगठन की सांगठनिक क्षमता और सदस्यों की समस्याओं के निस्तारण की प्रक्रिया को अधिक मजबूती मिलेगी।

आईआईए (IIA) के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने भरोसा जताया है कि नए पदाधिकारियों के कुशल मार्गदर्शन में गोरखपुर मंडल और चैप्टर नई ऊंचाइयों को छुएगा और भारत के एमएसएमई इकोसिस्टम को मजबूत करने में अपना बहुमूल्य योगदान देगा। नव-मनोनीत पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे उद्यमियों की समस्याओं को दूर करने और क्षेत्र में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करेंगे।



Post Comment