Bareilly: सावन में बंद रहेंगी मांस और मछली की दुकानें, कांवड़ जत्थों पर होगी पुष्पवर्षा
Bareilly: प्रशासन ने सावन माह और कांवड़ यात्रा को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। गुरुवार को सर्किट हाउस में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में भाजपा जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की बैठक हुई। इस दौरान निर्णय लिया गया कि सावन माह में जिले में मांस और मछली की दुकानें बंद रहेंगी। साथ ही इस बार भी कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कराई जाएगी। बैठक में मंत्री धर्मपाल सिंह ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के अनुकूल बनाया जाए। इस बार बरेली से करीब सात हज़ार कांवड़ जत्थे यात्रा पर निकलेंगे।
प्रत्येक जत्थे के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। यदि किसी दूसरे जिले में भी बरेली के कांवड़ियों को किसी प्रकार की समस्या आती है तो बरेली पुलिस समन्वय कर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी। बैठक में कांवड़ मार्गों की खराब स्थिति का मुद्दा भी उठा। मंत्री ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि 30 जुलाई से पहले सभी प्रमुख मार्गों की मरम्मत पूरी कर ली जाए, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
12 फुट से अधिक ऊंची कांवड़ पर रोक
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने इस बार कांवड़ की अधिकतम ऊंचाई 12 फुट तय की है। यह निर्णय बिजली के तारों से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए लिया गया है। बिजली विभाग को भी झूलते और नीचे लटक रहे तारों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व माहौल खराब करने की कोशिश कर सकते हैं। इसे देखते हुए पुलिस और प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। सोशल मीडिया की नियमित निगरानी की जाएगी और किसी भी भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाली गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई होगी।



Post Comment