राम मंदिर के CEO की रेस में शामिल हुए पूर्व IPS Amitabh Thakur
Amitabh Thakur: अयोध्या का राम मंदिर इन दिनों चढ़ावा चोरी को लेकर सुर्खियों में बना हुआ है। एसआईटी जांच पड़ताल कर रही है। इसी बीच श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में पहली बार मुख्य कार्यकारी अधिकारी को नियुक्त करने का फैसला लिया गया है। अब सीईओ के लिए आवेदन भी आने लगे हैं। सीईओ की रेस में पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर का नाम शामिल हो गया है। सीईओ पद के लिए अमिताभ ठाकुर ने आवेदन किया है और राजनीतिक के साथ-साथ प्रशासनिक हलचल भी बढ़ा दी है। आवेदन में अमिताभ ठाकुर ने खुद को हिंदु सामाजिक-सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से संबद्ध बताते हुए भारतीय धार्मिक एवं दार्शनिक परंपराओं तथा भगवान श्रीराम के मर्यादा, न्याय, कर्तव्यनिष्ठा और लोककल्याण के आदर्शों के प्रति अतीव सम्मान होने की बात कही है।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय समेत कई जिम्मेदार पदाधिकारियों के इस्तीफे के बाद भर्ती प्रक्रिया तेज हो गई है। मंदिर प्रशासन बड़े फेरबदल करने की तैयारियों में लगा हुआ है। नए सीईओ के चयन के लिए बनाई गई तीन सदस्यीय समिति ने अपनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और अगले 30 दिनों के भीतर नया नाम तय होने की उम्मीद है। तीन सदस्यीय समिति में जस्टिस प्रमोद कोहली (रिटायर्ड), लेफ्टिनेंट जनरल विष्णु कांत चतुर्वेदी (रिटायर्ड) और सुरेश हवारे शामिल हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया है कि ईमानदारी और निष्ठा सबसे जरूरी शर्तें होंगी।



Post Comment