यूपी में छह हत्याएं करने वाला आसिफ अली एनकाउंटर में ढेर, STF ने मारीं 2 गोलियां

यूपी में छह हत्याएं करने वाला आसिफ अली एनकाउंटर में ढेर, STF ने मारीं 2 गोलियां

अंबेडकरनगर: यूपी एसटीएफ ने अंबेडकरनगर में बदमाश आसिफ अली (40) को मंगलवार सुबह मुठभेड़ में ढेर कर दिया। STF ने उसे घेरा तो उसने फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में सीने में दो गोली लगने से वह ढेर हो गया। एनकाउंटर जिला मुख्यालय से 25 किमी दूर जगदीशपुर गांव के पास हुई।

आसिफ छैमार गैंग का सरगना था। पति-पत्नी समेत 6 हत्याओं में वांटेड था। बदमाश रात के वक्त कच्छा बनियान पहनकर अपने गुर्गों के साथ घर में घुसकर लूट की वारदात करता था। वह परिवार को बंधक बनाता था। डकैती के बाद हत्या करके भाग जाता था। फिर नाम बदलकर दूसरे राज्य और जिले में छिप जाता था। उसने जितनी भी वारदातें कीं, लगभग सभी का यही पैटर्न था।

डकैती के दौरान भी दो महिलाओं को मारा

नोएडा STF यूनिट के एडिशनल एसपी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि जौनपुर में डकैती डालकर दो महिलाओं की हत्या कर दी थी। 3 और लोगों पर भी जानलेवा हमला किया था, लेकिन उनकी जान बच गई थी। तब उस पर जौनपुर पुलिस ने एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। उसके खिलाफ यूपी, राजस्थान और हरियाणा में 20 मुकदमे दर्ज थे।

STF के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि आसिफ अंबेडकरनगर में छिपा है। वह किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। इसके बाद टीम ने उसकी घेराबंदी की। खुद को घिरता देखकर वह बाइक मोड़कर भागने लगा। टीम ने पीछा किया तो उसने फायरिंग कर दी। एक सिपाही के दाहिने हाथ में गोली लग गई। इसके बाद टीम ने जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। इसमें उसे सीने में दो गोली लगीं। वह जमीन पर गिर पड़ा। टीम ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। STF ने बदमाश से पिस्टल, एक 12 बोर का तमंचा और बाइक बरामद की है।

आसिफ की बड़ी वारदातें

  • 19 अक्टूबर 2013 को सुल्तानपुर में गैंग के 10 गुर्गों के साथ घर में घुसकर डकैती डाली थी। परिवार को बंधक बना लिया था। एक की हत्या भी कर दी थी।
  • 2014 में जौनपुर के शाहगंज में साथियों के साथ घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाया और लाखों रुपये के जेवरात और कैश लूटे थे। परिवार के 5 लोगों पर धारदार हथियार से हमला किया था। इसमें स्वाति और सुमन की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
  • 15 अगस्त 2015 को कौशांबी में गैंग के गुर्गों के साथ मिलकर घर में डकैती डाली थी। परिवार को बंधक बना लिया था। इस दौरान पति-पत्नी की हत्या कर दी थी।
  • 19 अगस्त 2015 को मुजफ्फरनगर क्षेत्र में 10 साथियों के साथ महावीर सिंह के घर में घुसकर डकैती डाली थी। महावीर की बहू पर धारदार हथियार से हमला कर दिया था। उसी रात इसके अलावा पांच अन्य घरों में भी घुसकर डकैती डाली थी।
  • 13 जनवरी 2021 को कानपुर देहात के रसूलाबाद में घर में घुसकर तासीम की हत्या कर दी थी।

Post Comment

You May Have Missed