कानपुर में ट्रक ने दो ट्रैफिक सिपाहियों को कुचला, एक की मौके पर मौत; हादसे में ट्रक चालक की भी गई जान

कानपुर में ट्रक ने दो ट्रैफिक सिपाहियों को कुचला, एक की मौके पर मौत; हादसे में ट्रक चालक की भी गई जान

कानपुर: जिले में बर्रा एलिवेटेड रोड पर सोमवार तड़के 04 बजे ड्यूटी पर तैनात दो ट्रैफिक सिपाहियों को ट्रक ने कुचल दिया। एक सिपाही की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद भागने के चक्कर में ट्रक बेकाबू हो गया। आगे चल रहे कंटेनर में जा घुसा। इसमें ट्रक ड्राइवर की भी जान चली गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का केबिन पिचक गया। ड्राइवर का शव केबिन में फंस गया। केबिन काटकर शव निकाला गया।

मृतक जितेंद्र 2018 बैच के सिपाही थे। मूलरूप से आगरा के रहने वाले थे, जबकि सिपाही राकेश कुमार घायल हैं। उन्हें कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राकेश मूलरूप से बुलंदशहर के रहने वाले हैं। ट्रक ड्राइवर की शिनाख्त नहीं हो पाई है।

एलिवेटेड रोड पर जाम खुलवाने जा रहे थे

पुलिस के मुताबिक, दोनों सिपाही राकेश और जितेंद्र की ड्यूटी नौबस्ता बाईपास पर लगी थी। सूचना मिली की एलिवेटेड रोड में जाम लगा है। दोनों बाइक से नौबस्ता से बर्रा एलिवेटेड की ओर निकल गए। एलिवेटेड रोड पहुंचे तो तभी अचानक से तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सिपाही जमीन पर गिर गए।

कंटेनर जितेंद्र को कुचलता हुआ आगे बढ़ गया। जबकि, राकेश जख्मी हो गए। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर घबरा गया। वह एलिवेटेड रोड में ही ट्रक को भगाने लगा। कुछ दूर आगे जाकर वह कंटेनर में घुस गया। इसमें उसकी मौत हो गई।

एलिवेटेड रोड पर दो घंटे जाम लगा रहा

हादसे में सिपाही की मौत की सूचना मिलते ही अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) डॉ. विपिन टाडा और डीसीपी ट्रैफिक रवींद्र कुमार मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटना के कारणों को लेकर जानकारी जुटाई। हादसे के बाद एलिवेटेड रोड पर करीब दो घंटे तक ट्रैफिक जाम लगा रहा।

Post Comment

You May Have Missed