यूपी में मानसून आने के बाद मौसम का यू-टर्न, जानिए क्यों नहीं हो रही बारिश?
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 05 जुलाई यानी आज से मानसून में फौरी तौर पर ठहराव के संकेत हैं। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल 05 से 07 जुलाई के बीच प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में छिटपुट बूंदाबांदी को छोड़कर अच्छी बारिश के आसार कम हैं। हालांकि, अगले दो दिनों तक मध्य प्रदेश से सटे यूपी के दक्षिणी जिलों, विंध्य क्षेत्र और बुंदेलखंड के इलाकों में वर्षा के हालात बने रहेंगे। बाकी जगहों पर इस बीच बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। रविवार के लिए प्रदेश के तराई व पूर्वांचल के 26 जिलों में उमस भरी गर्मी की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को फिरोजाबाद के टुंडला में सर्वाधिक 75 मिमी और हमीरपुर में 49 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा कानपुर में 39 मिमी, ललितपुर में 33 मिमी बारिश हुई। वहीं आगरा, चित्रकूट, मऊ समेत कई अन्य जिलों में भी वर्षा हुई। लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पांच से सात जुलाई के बीच मानसूनी बारिश बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र में केंद्रित होगी। आठ जुलाई से प्रदेश में फिर से अच्छी बारिश का दौर शुरू होगा।
इन जिलों में है उमस भरी गर्मी की चेतावनी
प्रतापगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर व आस पास के क्षेत्र।
लखनऊ में दो दिन पसीने छुड़ाएगी उमस भरी गर्मी
राजधानी में शनिवार को तड़के सुबह कहीं-कहीं फुहारें पड़ीं, लेकिन दिन चढ़ने के साथ धूप खिली और उमस शुरू हो गई। तपिश और उमस ने मिलकर लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर बाद फिर से बादलों की आवाजाही बढ़ी और अमौसी, गोमतीनगर, पुराने लखनऊ और कुछ बाहरी इलाकों में कुछ बूंदें गिरीं, लेकिन राहत मिलने के बजाय उमस में इजाफा ही हुआ। माैसम विभाग का कहना है कि लखनऊ में अगले तीन दिन उमस भरी गर्मी पसीने छुड़ाने वाली है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आठ जुलाई से मानसून के दोबारा सक्रिय होने की संभावना है। इसके असर से अच्छी मानसूनी बारिश होने के संकेत हैं।शनिवार को अधिकतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस की उछाल के साथ 30.4 डिग्री सेल्सियस रहा।



Post Comment