मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर ट्रेलर में जा घुसी बस, चालक समेत चार लोगों की मौत

मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर ट्रेलर में जा घुसी बस, चालक समेत चार लोगों की मौत

मथुरा: जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के वॉल्वो बस ने ट्रेलर को पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, 27 यात्री घायल हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा ट्रेलर में करीब आठ फीट तक घुस गया। यात्री बस में फंस गए। एक युवक का शव खिड़की से लटक गया।

मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। खिड़कियां-गेट तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया। बस लखनऊ से दिल्ली जा रही थी। 65 यात्री सवार थे। हादसा मथुरा जिला मुख्यालय से 20 किमी दूर राया थाना इलाके में हुआ।

बस चालक समेत चार लोगों की मौत

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया हादसे में बस चालक उपदेश यादव, परिचालक (कंडक्टर), क्लीनर और एक यात्री की मौत हो गई। मृतकों में तीन के नाम पता नहीं चल पाए हैं। बस में सवार 34 यात्री सुरक्षित हैं। उन्हें दूसरी बसों से उनके घरों के लिए रवाना कर दिया गया है।

जिस वक्त हादसा हुआ उस वक्त ज्यादातर यात्री सो रहे थे। ऐसे में कई यात्री टक्कर के बाद सीटों के बीच फंस गए। उन्हें निकालने के लिए बस को गैस कटर से काटा गया। करीब दो घंटे तक रेस्क्यू चला है।

SSP ने कहा- कंडक्टर बस चला रहा था, संभाल नहीं पाया

शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसे के समय नियमित ड्राइवर नहीं, बल्कि कंडक्टर बस चला रहा था। बस तेज रफ्तार में थी, जबकि ट्रेलर अपनी लेन में था। कंडक्टर ने बस को अचानक मोड़ दिया। इससे बस पीछे से ट्रेलर में जा घुसी।

सिलसिलेवार तरीके से हादसा

एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि एक्सप्रेसवे पर राया कट से दो किमी पहले हादसा हुआ। गिट्टी से लदा ट्रेलर (RJ 47 GA 8143) अपनी लेन में जा रहा था। पीछे से आ रही तेज रफ्तार गोला बस सर्विस की वॉल्वो बस (BR 28P 4723) बेकाबू होकर ट्रेलर में जा घुसी। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा दो से ढाई मीटर यानी 8 फीट तक पिचक गया।

हादसे की सूचना सुबह 3.35 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को मिली। 8 पीआरबी और 12 एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। एसपी ने बताया कि सभी 27 घायलों का इलाज चल रहा है। उनकी हालत स्थिर है। हादसे की वजह बस चालक की लापरवाही और ओवरस्पीड सामने आई है।

Post Comment

You May Have Missed