UP: कासगंज में ट्रेनी विमान हाईवे पर क्रैश, बिजली के तारों में उलझकर नीचे गिरा
कासगंज: कासगंज में सोमवार को एक ट्रेनी विमान क्रैश हो गया। विमान उड़ा रही 27 साल की महिला ट्रेनी पायलट घायल हो गईं। हादसा पुलिस लाइन के पीछे 6-लेन हाईवे के पास हुआ। जिस वक्त विमान हवा में डगमगाया, वो करीब 50 फीट ऊपर था। संतुलन बिगड़ने के बाद विमान हाईटेंशन तारों में उलझकर नीचे गिरा।
दुर्घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। करीब 3:40 बजे सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। इलाके की घेराबंदी की गई। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। अलीगढ़ से ट्रेनिंग सेंटर के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचे। घायल पायलट को अपने साथ अलीगढ़ ले गए।
अलीगढ़ की हवाई पट्टी से भरी थी उड़ान
अलीगढ़ में चेतक एविएशन कंपनी है, जो DGCA (डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन) से मान्यता प्राप्त फ्लाइंग ट्रेनिंग अकादमी है। यहां पायलटों को ट्रेनिंग देने के लिए सेसना 172 और सेसना 152 जैसे विमान इस्तेमाल किए जाते हैं। मुंबई की रहने वाली पायलट कायनात पुत्री कादरखान ट्रेनिंग ले रही थीं। सोमवार दोपहर कायनात ने अलीगढ़ में धनीपुर हवाई पट्टी से सेसना 152 विमान से उड़ान भरी थी। विमान में वो अकेली थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान आसमान में मंडरा रहा था। अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और बिजली के तारों से टकराकर बरेली-मथुरा हाईवे किनारे गिर गया।

बिजली विभाग के जेई पंकज कुमार ने बताया- हाईवे के पास 11 मीटर का पोल है, जो जमीन से 33 फुट ऊंचा है। जिस पर 33 हजार किलो वोल्ट करंट के तार थे। हाईवे निर्माण के दौरान लाइन में करंट बंद कर रखा था। हादसे में विमान क्षतिग्रस्त हो गया। पायलट को विमान से बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया। जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल पायलट का हाल जाना।
हाईवे पर गिरने से टला बड़ा हादसा
प्रशासन का कहना है कि एयरक्राफ्ट हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। राहत की बात यह रही कि विमान निर्माणाधीन सिक्स-लेन हाईवे पर गिरा, जिससे आसपास मौजूद लोगों और गुजर रहे वाहनों को कोई नुकसान नहीं हुआ। फिलहाल पुलिस, प्रशासन और संबंधित विमानन एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।



Post Comment