यूपी-बिहार और छत्तीसगढ़ में पेड़-बिजली गिरने से 13 मौतें, दिल्ली-हरियाणा में तापमान 43°C
नई दिल्ली: देश के चार राज्यों राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली के कई इलाकों में प्री-मानसून बारिश जारी है। हालांकि, छह राज्यों में तेज गर्मी हो रही है। हरियाणा और दिल्ली में पारा 43°C से ज्यादा दर्ज किया गया। प्रदेश में मानसून की एंट्री के लिए सिस्टम एक्टिव हो गया है।
सोमवार को लखनऊ समेत 15 जिलों में तेज बारिश हुई। मिर्जापुर में बारिश के बाद अंडरपास में करीब 3 फीट पानी भर गया। फिरोजाबाद के गांव में ई-रिक्शा पर नीम का पेड़ गिर गया, हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। दो लोग घायल हैं। बस्ती और महराजगंज में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई।
बिहार के 15 जिलों में बारिश
बिहार के 15 जिलों में सोमवार को आंधी के साथ बारिश हुई। सीतामढ़ी, मुंगेर और पटना में बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई। 24 लोग झुलस गए। छत्तीसगढ़ के सरगुजा में सोमवार शाम बिजली गिरने से 2 बच्चों और एक युवक की मौत हो गई। मध्य प्रदेश में सोमवार को 12 जिलों में बारिश हुई।
5 जुलाई तक पूरे देश को कवर कर लेगा मानसून
मानसून ने 24 जून को मध्य प्रदेश-गुजरात में एंट्री ली थी। अब तक 22 राज्यों को कवर किया, लेकिन इसके बाद से आगे नहीं बढ़ा। मौसम विभाग के मुताबिक, 5 जुलाई मानसून पूरे देश को कवर कर लेगा।
29 जून: केरलम, कर्नाटक, गोवा, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मणिपुर, त्रिपुरा, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, असम, मेघालय, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और गुजरात में मानसून पहुंचा।
30 जून से 5 जुलाई: उत्तर प्रदेश, लद्दाख, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान।
असम में बाढ़, 22 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित
अरुणाचल प्रदेश और असम के कई हिस्सों में लगातार बारिश की वजह से बाढ़ और लैंडस्लाइड की स्थिति बनी हुई है। अरुणाचल में बारिश से लेकू नदी उफान पर आ गई, जिससे असम के जोनाई इलाके में भीषण बाढ़ आ गई। नेशनल हाईवे-515 भी डूब गया।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के मुताबिक, बाढ़ से राज्य के छह जिलों में 22 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। सबसे ज्यादा असर धेमाजी जिले में पड़ा है, जहां करीब 16 हजार लोग प्रभावित हैं। बाढ़ से 96 गांव डूब गए हैं, करीब 1690 हेक्टेयर फसल और 48 हजार से ज्यादा जानवर प्रभावित हुए हैं।
6 राज्यों में गर्मी का असर, पारा 40°C पार
मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और गुजरात के कई शहरों में बुधवार को पारा 40°C से ज्यादा रहा। देश में सबसे ज्यादा पारा हरियाणा के रोहतक में 43.5°C दर्ज किया गया।
वहीं, दिल्ली में 43.4°C, यूपी के बांदा में 43.2°C, मध्य प्रदेश के खजुराहो में 41.2°C, पंजाब के आनंदपुर साहिब में 40.6°C और गुजरात के सुरेंद्रनगर में 40.5°C रहा।



Post Comment