राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आठ आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत, चंपत राय से पूछताछ

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आठ आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत, चंपत राय से पूछताछ

अयोध्या: भगवान के श्रीराम मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले में पूर्व पदाधिकारियों चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव से पूछताछ की गई। उनके बयान दर्ज किए गए। इसके बाद चंपत राय दिल्ली चले गए। इस बीच मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। वकील अनूप अवस्थी की सीबीआई जांच की मांग वाली याचिका पर तुरंत सुनवाई से इनकार करते हुए कोर्ट ने पूछा कि इतनी जल्दी क्या है। छुट्टियों के बाद ही मामला सुना जाएगा।

इधर, पुलिस सोमवार सुबह साढ़े 10 बजे जेल में बंद आठ आरोपियों के खाते खंगालने के लिए SBI की अयोध्या धाम ब्रांच पहुंची। सात आरोपियों के खाते इसी ब्रांच में हैं। पुलिस ने बैंक स्टेटमेंट लिए। अब यह जांच की जाएगी कि मंदिर में नौकरी के बाद से उनके खातों में कितना पैसा आया। पुलिस ने बैंक के दो कर्मचारियों को भी नोटिस दिया है।

13 जुलाई को होगी मामले की सुनवाई

इस बीच, सभी आठ आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस आरोपियों की रिमांड नहीं मांगी। फिर कोर्ट ने सभी आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अगली सुनवाई 13 जुलाई को होगी। तब तक आरोपी जेल में ही रहेंगे।

हालांकि, इससे पहले ही अयोध्या के वकीलों ने बड़ी बैठक की। इसमें फैसला लिया कि चढ़ावा चोरी के आरोपियों का केस कोई भी वकील नहीं लड़ेगा। साथ ही, चंपत राय, गोपाल राव और अनिल मिश्रा के अयोध्या छोड़ने की मांग की। नहीं छोड़ने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

SIT ने 23 जून को रिपोर्ट सौंपी, 2 दिन बाद गिरफ्तारी

चोरी का मामला पहली बार 07 जून को सामने आया। यूपी सरकार ने 13 जून को SIT बनाई। SIT ने 23 जून को एडिशनल चीफ सेक्रेटरी (गृह) संजय प्रसाद को रिपोर्ट सौंपी। 25 जून को ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर FIR हुई। इसमें रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू समेत 8 को नामजद किया गया। हालांकि, चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्रा समेत बड़े पदाधिकारियों के नाम नहीं हैं।

एफआईआर दर्ज होने के कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने टिन्नू समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। 26 जून को सीजेएम कोर्ट ने सभी आरोपियों को तीन दिन के लिए जेल भेज दिया। इसी दिन मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया। अगले दिन ट्रस्ट ने कहा- 11 जुलाई को होने वाली बैठक में इस पर फैसला लिया जाएगा।

28 जून को की थी छापेमारी

28 जून को पुलिस की 8 टीमों ने आरोपियों के घर पर एकसाथ छापेमारी की थी। चंपत राय के करीबी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू के घर से निवेश-खरीद से जुड़े कागजात, आभूषण और नकदी मिले थे। आरोपी अनुकल्प मिश्रा के घर से एक डायरी मिली थी। पुलिस का मानना है कि डायरी से चढ़ावा चोरी मामले से जुड़े सुराग मिल सकते हैं।

कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल कल अयोध्या जाएगा

कांग्रेस का नौ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को अयोध्या जाएगा। इसमें प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा, सीतापुर सांसद राकेश राठौर, प्रयागराज सांसद उज्जवल रमण सिंह और बाराबंकी सांसद तनुज पूनिया शामिल होंगे।

Post Comment

You May Have Missed