तीन दिवसीय दौरे पर सेशेल्स पहुंचे PM Modi, हुआ भव्य स्वागत

तीन दिवसीय दौरे पर सेशेल्स पहुंचे PM Modi, हुआ भव्य स्वागत

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिन के सरकारी दौरे पर शनिवार को सेशेल्स पहुंचे। इस दौरान वे राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ बातचीत करेंगे। इसके साथ ही वह द्वीपों वाले इस देश के ‘नेशनल डे’ (राष्ट्रीय दिवस) के गोल्डन जुबली समारोह में शामिल होंगे। सेशेल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हर्मिनी और एक हाई-लेवल डेलिगेशन ने पीएम मोदी का जोरदार स्वागत किया। यहां पीएम मोदी को औपचारिक ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ भी दिया गया।

सेशेल्स के राष्ट्रपति ने किया स्वागत

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर एक पोस्ट कर सेशेल्स पहुंचने की जानकारी दी। उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा, “सेशेल्स पहुंच गया हूं। एयरपोर्ट पर डॉ. पैट्रिक हर्मिनी द्वारा किए गए गर्मजोशी भरे स्वागत की मैं बहुत सराहना करता हूं।” उन्होंने कहा, “सेशेल्स हिंद महासागर में एक अहम समुद्री पार्टनर और करीबी दोस्त है। मैं इस दौरे को लेकर उत्साहित हूं, जिसका मकसद हमारे पुराने रिश्तों को और मजबूत करना और दोनों देशों के लोगों के फायदे के लिए सहयोग बढ़ाना है।”

भारतीय समुदाय ने किया स्वागत

सेशेल्स एयरपोर्ट पर पीएम मोदी के स्वागत के लिए भारतीय समुदाय के लोग मौजूद रहे। पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की और एक्स पर एयरपोर्ट पर हुई मुलाकात की तस्वीरें शेयर कीं। उन्होंने एक्स पर कहा, “ये सेशेल्स एयरपोर्ट पर हुए शानदार स्वागत की कुछ झलकियां हैं। भारतीय समुदाय के प्यार और स्नेह के लिए उनका शुक्रिया।”

राष्ट्रपति हर्मिनी के साथ कार में तस्वीर

पीएम मोदी ने सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ एक कार में सफर के दौरान की तस्वीर भी शेयर की। यह तस्वीर शेयर करते हुए पीएम मोदी ने लिखा, “राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के साथ सेशेल्स के नेशनल बॉटनिकल गार्डन जाते हुए।”

भारत का अहम पार्टनर है सेशेल्स

नई दिल्ली से रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने कहा कि सेशेल्स एक अहम समुद्री पड़ोसी और “विजन महासागर” में एक मुख्य पार्टनर है। जिसका मतलब है ‘क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए आपसी और समग्र प्रगति’ और ग्लोबल साउथ के प्रति भारत की साझा प्रतिबद्धता का हिस्सा है। राष्ट्रपति हर्मिनी के निमंत्रण पर राजकीय दौरे पर आए प्रधानमंत्री ‘नेशनल डे’ समारोह में ‘गेस्ट ऑफ ऑनर’ के तौर पर शामिल होंगे। पीएम मोदी ने कहा कि वे दोनों देशों की पुरानी दोस्ती को और मजबूत करने के मकसद से होने वाली द्विपक्षीय बातचीत को लेकर उत्साहित हैं।

Post Comment

You May Have Missed