लखनऊ अग्निकांड: हादसे वाली बिल्डिंग पर सात जुलाई को चलेगा बुलडोजर, एलन-ग्रेविटी जैसी 12 बड़ी कोचिंग सील
लखनऊ: राजधानी के अलीगंज में अवैध इमारत में आग लगने से 15 लोगों की मौत के बाद प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को विकास प्राधिकरण (LDA) और फायर डिपार्टमेंट की टीम ने 12 कोचिंग और लाइब्रेरी सील कर दीं। इनमें कृष्णा नगर और हजरतगंज में एलन, कपूरथला में ग्रेविटी, अलीगंज में आकाश कोचिंग और गवर्नमेंट एग्जाम वाला व पैरामाउंट जैसे बड़े कोचिंग संस्थान शामिल हैं।
कई कोचिंग और लाइब्रेरी संचालक अपना-अपना सेंटर बंद करके भाग गए। बच्चे सड़कों पर घूमते नजर आए। नेशनल पीजी के छात्र आशंकित ने कहा- मुझे कोचिंग में एडमिशन लेना है। लेकिन आग की घटना ने मन में डर पैदा कर दिया है। इसके पहले प्राधिकरण ने जिस इमारत में आग लगी थी, वहां नोटिस चिपकाया।
सात जुलाई को चलेगा बुलडोजर
वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि सात जुलाई को बिल्डिंग तोड़ी जाएगी। बिल्डिंग रामेश्वरम इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट कॉलेज के मालिक वीरेंद्र शुक्ला की है। पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर वीरेंद्र समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। LDA के छह अफसर सस्पेंड कर दिए गए हैं। 18 अफसरों के खिलाफ शासन को नोटिस भेजा गया है।
इमारत में क्या-क्या होता था?
हादस 22 जून को हुआ था। जिस इमारत में आग लगी थी, वह अलीगंज इलाके में है। बेसमेंट, ग्राउंड और पहले फ्लोर पर पेट शॉप और क्लीनिक है। दूसरे फ्लोर पर लर्निंग स्पेस नाम की लाइब्रेरी (कोचिंग) और हेड हॉपर स्टूडियो है, जिसमें 3D आर्ट प्रोडक्शन और गेम एसेट आउटसोर्सिंग का काम होता है।
लखनऊ अग्निकांड में अब तक 19 इंजीनियर और 6 पीसीएस अफसरों पर एक्शन
लखनऊ विकास प्राधिकरण के वीसी प्रथमेश कुमार ने कहा- जिस बिल्डिंग में आग लगी थी, उसमें 2016 में आवासीय (रेजिडेंशियल) नक्शा पास होने के बावजूद परिसर में व्यावसायिक (कमर्शियल) निर्माण शुरू कर दिया गया था। उस समय तत्कालीन अधिकारियों ने ध्वस्तीकरण (डिमोलिशन) आदेश को वापस ले लिया था। हालांकि, यह आदेश किन कारणों से वापस लिया गया, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं है।
इसी मामले में उस समय तैनात एक्सईएन, जेई और एई सहित कुल 19 अभियंताओं और 6 पीसीएस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इनमें से तीन से चार अधिकारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
अलीगंज में आकाश कोचिंग सील
अलीगंज में आकाश कोचिंग को सील कर दिया गया। जांच के दौरान संस्थान में छात्र पढ़ाई कर रहे थे। फायर एनओसी और सुरक्षा मानकों में गंभीर खामियां मिलने पर प्रशासन ने कोचिंग को सील कर दिया। इसके बाद अभिभावकों को बुलाकर छात्रों को सुरक्षित घर भेजा गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
कृष्णा नगर में भी एलन कोचिंग सील
कृष्णा नगर थाना क्षेत्र स्थित वाई के क्रिसेंट टावर में संचालित एलन कोचिंग सेंटर पर भी एलडीए की टीम ने कार्रवाई की। टीम के पहुंचने पर कोचिंग सेंटर में पढ़ रहे छात्रों की तत्काल छुट्टी कर दी गई। इसके बाद अधिकारियों ने भवन को सील कर दिया।
कार्रवाई के दौरान एलडीए के अधिकारी और प्रवर्तन दल मौके पर मौजूद रहे। सीलिंग के बाद कोचिंग सेंटर का संचालन फिलहाल बंद करा दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार भवन से जुड़े नियमों के उल्लंघन के मद्देनजर यह कार्रवाई की गई है।
टीम पहुंचने से पहले कोचिंग बंद करके भागे संचालक
कपूरथला में ग्रैविटी कोचिंग के संचालक LDA टीम पहुंचने से पहले ही भाग गए। LDA टीम ने कोचिंग सील कर दी।
LDA जोन-2 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि अभी कोचिंगों की जांच की जा रही है। मानक नहीं पूरा होने पर कार्रवाई की जा रही है।
KBC-2 टावर में तीसरी मंजिल पर स्थित कोचिंग सील
लखनऊ के कृष्णा नगर थाना क्षेत्र स्थित फिनिक्स मॉल के सामने बने KBC-2 टावर में बुधवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की प्रवर्तन टीम ने कार्रवाई की। टीम ने टावर की तीसरी मंजिल पर पहुंचकर गवर्नमेंट एग्जाम वाला पावर्ड बाय फिजिक्स वाला कोचिंग सेंटर में नोटिस चस्पा किया और परिसर को सील करने की प्रक्रिया शुरू की।
कार्रवाई के दौरान जोन-2 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह और सहायक अभियंता एस.के. सोलंकी मौजूद रहे। उनके साथ LDA की प्रवर्तन टीम भी रही। बताया जा रहा है कि भवन से संबंधित नियमों के उल्लंघन के मामले में यह कार्रवाई की जा रही है।
कृष्णा नगर स्थित एलन कोचिंग बंद, बच्चों की छुट्टी
कृष्णा नगर के वाईके क्रिसेंट टावर में स्थित एलन कोचिंग सेंटर में बच्चों की छुट्टी कर दी गयी है। जो बच्चे आये थे वह घर जा रहे हैं। बच्चों ने बताया कि उन्हें बताया गया है कि कोई टीम जांच करने आ रही है।
पैरामाउंट कोचिंग में अवैध निर्माण, सील
अलीगंज में हुए अग्निकांड में 15 लोगों की जान चली गई। बावजूद इसके लोग सतर्क नहीं हुए। इसी इलाके में स्थित पैरामाउंट कोचिंग में अवैध निर्माण चल रहा था। इसे बुधवार को LDA की टीम ने सील कर दिया।
हजरतगंज में एलन कोचिंग सील
हजरतगंज स्थित एलन कोचिंग को आज दोपहर करीब 12 बजे सील कर दिया गया। इस दौरान लखनऊ विकास प्राधिकरण के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह और अग्निशमन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
लखनऊ विकास प्राधिकरण ने बिल्डिंग पर चिपकाया नोटिस
लखनऊ के अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने सख्त रुख अपनाया है। एलडीए टीम हादसे वाली बिल्डिंग पर बुधवार को नोटिस चस्पा कर दिया। अब शहर के अलग-अलग इलाकों में कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी, होटल, नर्सिंग होम और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच के लिए विशेष अभियान शुरू किया जाएगा।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए
- पूरे प्रदेश में मिशन मोड में फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश।
- अस्पताल, नर्सिंग होम, मेडिकल कॉलेज, कोचिंग, मॉल और सरकारी भवनों की होगी जांच।
- पहले जनजागरूकता अभियान, उसके बाद नियमानुसार कार्रवाई होगी।
- अभियान के नाम पर किसी नागरिक का उत्पीड़न नहीं करने के निर्देश।
- हर जिले में विशेष टीम बनाकर फायर ऑडिट कराया जाएगा।
- सभी कोचिंग संस्थानों का पंजीकरण अनिवार्य होगा।
- व्यावसायिक भवनों में फायर एनओसी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करनी होगी।
- आवासीय भवनों में व्यावसायिक गतिविधियां नहीं चलेंगी।
- बेसमेंट में किसी भी हालत में कोचिंग या अन्य व्यावसायिक गतिविधि नहीं होगी।
- पार्किंग के लिए स्वीकृत बेसमेंट का उपयोग सिर्फ पार्किंग के लिए होगा।
- व्यावसायिक भवनों के बिजली लोड की भी जांच होगी।
- नियमों का उल्लंघन मिलने पर तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश।
मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव कार्यों और एजेंसियों के रिस्पॉन्स टाइम की समीक्षा की
- आपातकालीन सेवाओं का रिस्पॉन्स टाइम और कम किया जाए।
- सभी सरकारी-निजी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों का भी फायर ऑडिट होगा।
- अग्निशमन विभाग को आधुनिक उपकरण और संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश।
- प्रदेश की 350 तहसीलों में से 296 में 326 स्थायी फायर स्टेशन संचालित।
- 26 नए फायर स्टेशन लोकार्पण के लिए तैयार, 25 का निर्माण जारी।
- 47 नए फायर स्टेशनों के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है।



Post Comment