NEET री-एग्जाम आज, 5440 सेंटरों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था; धर्मेंद्र प्रधान बोले- बिना डरे परीक्षा दें बच्‍चे

NEET री-एग्जाम आज, 5440 सेंटरों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था; धर्मेंद्र प्रधान बोले- बिना डरे परीक्षा दें बच्‍चे

नई दिल्‍ली: देश भर में NEET-UG 2026 की परीक्षा रविवार को दोबारा शुरू होने वाली है। इसमें 22.79 लाख स्टूडेंट्स शामिल होंगे। पेन-पेपर मोड में हो रही परीक्षा के लिए 564 शहरों में 5440 एग्जाम सेंटर्स बनाए गए हैं। इनमें 551 भारत और 14 विदेश के शहर हैं।

NTA ने परीक्षा से जुड़े जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए है। इसके अनुसार, परीक्षा केंद्रों में सुबह 11 बजे से एंट्री शुरू होगी। दोपहर 1:30 बजे के बाद एंट्री बंद हो जाएगी। परीक्षा दो बजे से होगी।

बिना डर और तनाव के परीक्षा में बैठें छात्र: धर्मेंद्र प्रधान

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है बच्चों को बिना किसी डर और तनाव के परीक्षा में बैठना चाहिए। भोपाल के 32 एग्जाम सेंटरों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच क्वेश्चन पेपर पहुंचाए गए हैं। श्रीनगर में सेंटर पर सुबह से पुलिस और प्रशासन तैनात हैं। दिल्ली के सादिक नगर स्थित PM श्री केंद्रीय विद्यालय में पुलिस ने देर रात एग्जाम सेंटर के गेट सील किए।

2 लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात

NTA के अनुसार, पूरे देश के एग्जाम सेंटरों पर 2 लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी, 674 सिटी कोऑर्डिनेटर और 6,669 ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं। पेपर लीक रोकने के लिए पहली बार भारतीय वायुसेना के विमान और हेलिकॉप्टरों का इस्तेमाल किया गया है।

एयरफोर्स ने 200 से ज्यादा उड़ानें भरकर NEET-UG के क्वेश्चन पेपर देशभर के अलग-अलग जोन तक पहुंचाए हैं। NEET-UG परीक्षा 3 मई 2026 को हुई थी, लेकिन पेपर लीक के आरोपों के बाद 12 मई को NTA ने इसे रद्द कर दिया। मामले की जांच CBI कर रही है।

री-एग्‍जाम में स्टूडेंट्स को 15 मिनट ज्यादा मिलेंगे

NTA ने NEET-UG री-एग्‍जाम के नियमों में बदलाव किए हैं। परीक्षा का समय 180 मिनट से बढ़ाकर 195 मिनट कर दिया गया है। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक (3 घंटे 15 मिनट) तक चलेगी। PwD और PwBD कैटेगरी के स्टूडेंट्स को अतिरिक्त समय देते हुए शाम 6:20 बजे तक एग्जाम लिखने की अनुमति होगी।

NEET-UG 2026 री-एग्जाम में 5 बदलाव

  • परीक्षा अब दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी
  • आंसर शीट्स में 2 की जगह 4 रफ वर्क के पेज मिलेंगे।
  • रफ पेज निर्देशों के तुरंत बाद और 2 पेज आखिर में दिए जाएंगे।
  • बुकलेट का डिजाइन लेफ्ट हैंडेड स्टूडेंट्स को भी ध्यान में रखकर बनाया गया है।
  • सभी नए नियम अंग्रेजी के साथ-साथ सभी रीजनल लैंग्वेज के पेपर्स में भी लागू होंगे।

दिल्ली में फ्री ORS मिलेगा, एमपी में स्पेशल ट्रेनें चलेंगी

दिल्ली: राजधानी में 97 सेंटर हैं। छात्र को DTC और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। यह सुविधा आने और जाने के लिए मिलेगी। सेंटर्स के बाहर छात्रों के माता-पिता के लिए कूलिंग जोन बनाए जाएंगे, जहां ORS ड्रिंक्स, पीने का पानी और नींबू पानी मिलेगा।

राजस्थान: राज्य में 25 जिलों के करीब 611 केंद्रों पर एग्जाम होगी। सभी केंद्रों और स्ट्रॉन्ग रूम में CCTV कैमरे, सिग्नल जैमर और 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था की गई है। SOG और इंटेलिजेंस एजेंसियां भी परीक्षा पर नजर रखेंगी। परीक्षा प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।

मध्य प्रदेश: राज्य के 30 शहरों में एग्जाम होंगे। रेलवे 20-21 जून को इंदौर, भोपाल और रतलाम को जोड़ने वाली स्पेशल ट्रेनें चलाएगा।

तमिलनाडु: राज्य में 1.4 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। 31 जिलों में 307 से ज्यादा परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। चेन्नई में सबसे अधिक 43 केंद्र हैं।

तेलंगाना: स्टूडेंट्स राज्य सरकार की RTC बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें अपना NEET हॉल टिकट दिखाना होगा।

महाराष्ट्र: मुंबई में सभी 1,820 लोकल ट्रेनें अपने पूरे शेड्यूल के साथ चलेंगी। सेंट्रल रेलवे के किसी भी रूट पर कोई मेगा ब्लॉक नहीं होगा।

उत्तराखंड: देहरादून में परीक्षा के लिए बनाए गए 16 केंद्रों के 200 मीटर दायरे में BNSS की धारा 163 लागू की गई है। परीक्षा खत्म होने तक पांच या उससे अधिक लोगों के जुटने पर रोक रहेगी।

NTA की छात्रों से अपील- अफवाहों पर ध्यान न दें

NEET-UG री-एग्जाम से पहले NTA ने छात्रों से शांत रहने और अपनी तैयारी पर भरोसा रखने की अपील की है। एजेंसी ने पेरेंट्स, शिक्षक और आम लोगों से अपील की है कि वे बिना पुष्टि की जानकारी न फैलाएं। छात्रों को तनावमुक्त रखने में मदद करें। NTA ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि अफवाहों और गड़बड़ियों को रोका जा सके।

Post Comment

You May Have Missed