गोरखपुर विश्वविद्यालय में योग दिवस समारोह, कुलपति ने दिया योग को जीवनशैली बनाने का संदेश
गोरखपुर: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के विश्वविद्यालय क्रीड़ा मैदान में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस अत्यंत उत्साह, अनुशासन एवं जनसहभागिता के साथ संपन्न हुआ। कुलपति प्रो. पूनम टंडन के नेतृत्व में सुबह छह बजे आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में हजारों की संख्या में शिक्षकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों तथा समाज के प्रबुद्ध नागरिकों ने सहभागिता कर योग के माध्यम से स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन का संकल्प लिया।
लगभग एक घंटे तक चले इस कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक के निर्देशन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का सामूहिक अभ्यास कराया गया। सामूहिक योगाभ्यास में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प दोहराया।
योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान
इस अवसर पर कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने आह्वान किया कि दो सप्ताह का योग अभियान किसी समापन का प्रतीक नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और योगमय जीवनशैली की सतत शुरुआत है। योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाकर ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास मधुमेह, उच्च रक्तचाप सहित अनेक जीवनशैली संबंधी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण में अत्यंत प्रभावी है।
कुलपति ने सभी से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाकर स्वस्थ, संतुलित एवं तनावमुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा गत दो सप्ताह से संचालित योग जागरूकता अभियान के अंतर्गत योग जनजागरूकता रैली, अंतरराष्ट्रीय सहभागिता के साथ विदेशी विश्वविद्यालयों के सहयोग से ऑनलाइन योग सत्र तथा रामगढ़ ताल के प्राकृतिक परिवेश में ‘योग विद नेचर’ कार्यक्रम जैसे विविध आयोजन किए गए।
यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष रहीं मौजूद
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, समाजसेवी सुधा मोदी तथा सर्वोदय मंडल एवं जायसवाल वीमेंस एसोसिएशन की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति प्रो. शान्तनु रस्तोगी, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. अनुभूति दुबे, प्रो. सुनीता मुर्मू, प्रो. विनीता पाठक, डॉ. कुशलनाथ मिश्र सहित विश्वविद्यालय के अनेक अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



Post Comment