Sanjay Singh ने दी नामजद तहरीर, की चंपत राय और अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी की मांग
Sanjay Singh: आप के वरिष्ठ नेता, राज्यसभा सांसद और यूपी के प्रभारी संजय सिंह ने अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट में हुए कथित चंदा चोरी और भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। संजय सिंह ने ऐलान किया कि उन्होंने अयोध्या के राम जन्मभूमि थाना अध्यक्ष को राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और अन्य अभियुक्तों के खिलाफ नामजद तहरीर भेजकर तत्काल FIR दर्ज करने और उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। सांसद संजय सिंह ने कहा, चंदा चोरी के इस महाघोटाले से पूरा देश हैरान है। खुलासे पर खुलासे हो रहे हैं और भ्रष्टाचार की पोल खुलती जा रही है। प्रभु राम के नाम पर आए चढ़ावे और चंदे में जो डकैती हो रही है, उसे भाजपा सरकार और उनकी जांच एजेंसियों का पूरा संरक्षण प्राप्त है।
मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई?
भाजपा पर तंज कसते हुए संजय सिंह ने कहा कि देश में एक ‘ED पार्टी’ काम कर रही है, जो विपक्ष के हर छोटे-बड़े मामले में ED और CBI भेज देती है, लेकिन भगवान राम के दान पात्र से सैकड़ों करोड़ की चोरी पर उसकी जुबान बंद है। उन्होंने कहा कि मामले में तथ्य, प्रमाण, CCTV फुटेज, हिरासत में लिए गए लोगों के बयान और चोरी के माल की बरामदगी (अविनाश शुक्ला से 5 लाख और लोकेश मिश्रा से 15 लाख रुपये) होने के बावजूद अब तक चंपत राय, अनिल मिश्रा, गोपाल या टिंन्नू जैसे मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई? संजय सिंह ने मांग की कि इस ‘भ्रष्ट ट्रस्ट’ को तत्काल प्रभाव से भंग किया जाना चाहिए क्योंकि इन्हें पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।



Post Comment