UP: बड़े बदलाव की तैयारी में बीजेपी, अगले 2-3 दिनों में हो सकता है नई प्रदेश टीम का ऐलान
UP News: यूपी में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं. इसी के मद्देनज़र प्रदेश में सत्तारूढ़ बीजेपी अपने सभी कील कांटे दुरुस्त करने में जुट गई है. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, यूपी बीजेपी की नई प्रदेश टीम अगले दो से तीन दिनों में घोषित हो सकती है. पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रदेश टीम के गठन पर चर्चा अंतिम चरण में पहुंच गई है और जल्द ही इसका ऐलान होगा. प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी अगले 2-3 दिनों में अपनी नई टीम का ऐलान कर सकते हैं. बताया जा रहा है कि पार्टी में नए चेहरों को तरजीह देते हुए कई नए नेताओं और महिलाओं को प्रदेश संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं. सूत्रों का कहना है कि प्रदेश संगठन को मजबूत और युवा ऊर्जा से भरपूर बनाने पर जोर दिया जा रहा है. इसके अलावा क्षेत्रीय अध्यक्षों में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है.
बदले जा सकते हैं क्षेत्रीय अध्यक्ष
पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, कई क्षेत्रीय अध्यक्षों को बदला जा सकता है. इसके अलावा, एक वर्तमान क्षेत्रीय अध्यक्ष और एक पूर्व जिला अध्यक्ष को प्रदेश टीम में शामिल किए जाने की चर्चा चल रही है. इससे संगठन में निरंतरता के साथ-साथ नए नेतृत्व को भी मौका मिलेगा. इतना ही नहीं, प्रदेश मीडिया टीम से दो प्रवक्ताओं को प्रदेश पदाधिकारी बनाया जा सकता है. यह कदम पार्टी की मीडिया और प्रचार व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है. नई टीम के गठन के साथ ही पार्टी विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों को भी नई दिशा देने की तैयारी में है. जिसकी आधिकारिक घोषणा जल्द ही होने की उम्मीद है. पार्टी के सूत्रों ने यह भी संकेत दिए हैं कि नई टीम में महिला प्रतिनिधित्व बढ़ाने पर खास फोकस रहेगा, जिससे संगठन अधिक समावेशी और संतुलित बने.



Post Comment