कांग्रेस ने नाकामी का कलंक हिंदुओं पर लगाया, हमने सालों के काम महीनों में किए: PM मोदी
नई दिल्ली: नरेंद्र मोदी भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। बुधवार (10 जून) को उनके कार्यकाल के 4,399 दिन पूरे होने पर भारत मंडपम में आयोजित एनडीए बैठक में उनका सम्मान किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, “12 साल में देश कांग्रेस के कुचक्र से आजाद हुआ। इस कुसंस्कृति का नाम कांग्रेस ग्रोथ रेट था। इसमें न गवर्नेंस थी, न नीति, न नीयत और न ही निर्णय। नाकामी कांग्रेस की थी लेकिन कलंक हिंदू आबादी पर लगाया गया।”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “हमारे लिए दल से बड़ा हमेशा देश रहा है। हम नेशन फर्स्ट की भावना से काम करते हैं। भारत को सिर्फ दुनिया की बराबरी नहीं करनी, बल्कि उससे एक कदम आगे रहना है। वो दिन दूर नहीं जब हम मेड इन इंडिया प्लेन भी बनाएंगे।”
मां भारती की सेवा का सौभाग्य मिलना ईश्वर की कृपा
पीएम मोदी ने कहा, NDA बैठक में आपने इस अवसर पर मुझे सम्मानित किया इसके लिए मैं आप सभी का आभारी हूं। साथियों इतने लंबे समय तक मां भारती की सेवा का सौभाग्य मिलना ईश्वर की विशेष कृपा से संभव हो सकता है। मेरे लिए जनता ही ईश्वर का रूप है। इसलिए मैंने सेवा को साधना के रूप में देखा है। ये साधना भी एकाकी नहीं रही एक सामूहिक यज्ञ है। इस अवसर पर एनडीए परिवार के सदस्यों ने एक प्रस्ताव पेश किया है।
उन्होंने कहा कि अब देश की जनता एक स्थित सरकार का काम देख रही है और उसकी निर्णायक क्षमताओं की प्रशंसक भी है। मैं जनता का आभार व्यक्त करता हूं। साल 2014 में जब NDA जीती तब मैंने कहा कि आज देश के लोगों मे नई आशा का उदय हुआ है। हमें आज संतोष और गर्व है कि NDA परिवार ने इस भरोसे को और मजबूत किया है। 2014 में जिस आशा के सूरज का उदय हुआ था, वह आज नए आत्मविश्वास के प्रकाश पुंज में बदल गया है।
A Jhalmuri break during the NDA meeting at Bharat Mandapam. All our leaders greatly enjoyed this snack! pic.twitter.com/izXjm7cAUn
— Narendra Modi (@narendramodi) June 10, 2026
हमारी सरकार में गरीब लोग मिडिल क्लास बन गए
नरेंद्र मोदी ने कहा, भारत के लोगों ने देखा कि सही नीयत से सरकार चलती है तो देश का विकास होता है। 12 साल में 25 करोड़ लोगों का गरीबी से बाहर निकलना दिखाता है कि हमारी नीतियां सही हैं। ये सफलता आज देश के हर व्यक्ति को भरोसा देती है कि एक दिन उसका संघर्ष खत्म होगा। उसके सपने पूरे होंगे।
उन्होंने कहा, कल जो गरीब था आज वो मिडिल क्लास बना है। उसे हमें पीछे नहीं होने देना है। सरकार के नाते हमें दिन-रात काम करना है। इस संकल्प के साथ कि 140 करोड़ लोग हमसे जो उम्मीदें लगाए बैठें हैं वो पूरी हों। आज देश का हर नागरिक विकसित भारत के सपने से भरा है विकसित भारत का सपना किसी दल का नहीं रहा ये जन जन का संकल्प बन चुका है।
कांग्रेस ने देश को हजारों करोड़ों के घोटाले में घसीटा
PM मोदी ने कहा, 12 साल में देश कांग्रेस के कूचक्र से आजाद हुआ। कांग्रेस ने देश को लाचार, बेचारा बना दिया था। कांग्रेस ने देश को एहसास कराया था कि भारत में विकास धीरे होता है और इसे हिंदू ग्रोथ रेट का नाम दिया था। यानी कार्यशैली कांग्रेस की, दायित्व कांग्रेस का, विफलता कांग्रेस की लेकिन कलंक देश की बड़ी हिंदू आबादी पर लगाया गया।
उन्होंने कहा कि असल में इस कुसंस्कृति का नाम कांग्रेस ग्रोथ रेट था। इस कांग्रेस ग्रोथ रेट में न गवर्नेंस थी, न नीति, न नीयत और न ही निर्णय। 2004 में देश फिर से अस्थिरता के बवंडर और कांग्रेस के शिकंजे में फंस गया। विकास तो दूर की बात, देश को कांग्रेस ने एक के बाद एक हजारों करोड़ों के घोटाले में घसीट दिया।
12 साल में जितना विकास हुआ, वह दशकों से क्यों नहीं हुआ?
नरेंद्र मोदी ने कहा कि 2014 नें 74 एयरपोर्ट थे, अब 160 से ज्यादा हैं। 12 साल में 1000 किमी एक्सप्रेस-वे से 6700 किमी एक्सप्रेस-वे हो गए। पहले 5 शहरों में मेट्रो थे। अब 20 शहरों में मेट्रो हो गए। 2014 में 700 करोड़ रुपये से 23000 करोड़ के डिफेंस एक्सपोर्ट तक पहुंचे।
प्रधानमंत्री ने कहा- 2014 में मोबाइल बाहर से आते थे। आज 35 प्रतिशत भारत खुद बनाता है। 2014 में एथेनॉल 1.5 प्रतिशत था, जो 20 प्रतिशत तक पहुंच गई। 2014 में सेमीकंडक्टर प्लांट नहीं थे। आज 10 से ज्याद प्लांट बन रहे हैं। हमने नई सोच से नए फैसले लिए। सवाल ये है कि 12 साल में इतना कुछ हो सकता है तो दशकों तक क्यों नहीं हुआ। ये कांग्रेस ग्रोथ रेट और एनडीए ग्रोथ रेट का अंतर है।
दुनिया की बराबरी नहीं, उससे एक कदम आगे रहना है
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वैश्विक अस्थिरता के दौर में भी भारत ने 2025-26 में 7.7% की विकास दर हासिल की है। उन्होंने कहा कि देश का मिडिल क्लास तेजी से बदल रहा है और उसकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 12 लाख रुपए तक की आय को पूरी तरह टैक्स फ्री किया गया है। आयुष्मान भारत, GST और सस्ते हेल्थ इंश्योरेंस जैसी योजनाओं से मध्यम वर्ग को बड़ा लाभ मिला है।
उन्होंने कहा, हमारे लिए दल से बड़ा हमेशा देश रहा है। नेशन फर्स्ट की भावना से काम किया जाए तो कोई भी फैसला असंभव नहीं होता। भारत को सिर्फ दुनिया की बराबरी नहीं करनी, बल्कि उससे एक कदम आगे रहना है। उन्होंने ग्रीन एनर्जी क्षेत्र में पिछले 12 वर्षों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए 500 गीगावॉट नवीकरणीय ऊर्जा और परमाणु ऊर्जा के लक्ष्यों को तेजी से पूरा करने पर जोर दिया।
मेड इन इंडिया जहाज और प्लेन बनाएगा भारत
प्रधानमंत्री ने कहा कि ग्रीन एनर्जी सेक्टर में पिछले 12 सालों में काफी काम हुआ है। अब 500 गीगावॉट रिन्यूएबल एनर्जी और न्यूक्लियर एनर्जी के लक्ष्यों को तेजी से पूरा करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भारत मेड इन इंडिया जहाजों और कंटेनरों के जरिए व्यापार करेगा। देश ट्रांसपोर्ट हब बन रहा है और जल्द ही मेड इन इंडिया सिविल एयरक्राफ्ट भी बनाएगा। दुनिया के बड़े और आधुनिक डेटा सेंटर भारत में बन रहे हैं और देश कम समय में टेक्नोलॉजी का विस्तार करने की क्षमता रखता है। आने वाले समय में भारत पर्यटन और खेल क्षेत्र में भी मजबूत होगा।
मोदी ने कहा कि भारत ‘रिफॉर्म्स एक्सप्रेस’ के साथ आगे बढ़ रहा है। पिछले 12 सालों में स्वच्छता, डिजिटल पेमेंट और कोरोना काल जैसे हर अभियान में देशवासियों ने साथ दिया और कभी निराश नहीं किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण की असली योजना ‘सबका प्रयास’ है।
मोदी के 12 साल पर अभिनंदन प्रस्ताव
NDA सरकार के 12 साल पूरे होने पर भारत मंडपम में हुई बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल की सराहना करते हुए एक अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया गया। प्रस्ताव आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने रखा, जबकि नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो ने इसका समर्थन किया।
बैठक में भाजपा-NDA शासित 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और अन्य नेता शामिल हुए। सभी ने मोदी को बधाई दी। बैठक के बाद मोदी ने NDA नेताओं के साथ झालमुड़ी भी खाई। इससे पहले प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में भी सर्वसम्मति से बधाई प्रस्ताव पारित किया गया और मंत्रियों ने खड़े होकर तालियां बजाईं।
मोदी देश के सबसे ज्यादा कार्यकाल वाले इलेक्टेड पीएम
मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और अभी उनका तीसरा कार्यकाल चल रहा है। उन्होंने लगातार 4,399 दिन पूरे कर निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में जवाहरलाल नेहरू का 4,398 दिनों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है।
हालांकि, भारत में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड अब भी नेहरू के नाम है। वे 15 अगस्त 1947 से 27 मई 1964 तक, यानी करीब 16 साल 286 दिन प्रधानमंत्री रहे। इनमें 1952 के पहले आम चुनाव के बाद 13 मई 1952 से 27 मई 1964 तक का उनका निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल शामिल है।



Post Comment