पीएम मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए
Lucknow: उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में किशन तेज खेड़ा स्थित गौशाला में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने गौ माता का पूजन-अर्चन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा उन्हें गुड़ एवं चना खिलाकर आमजन के मध्य गौसेवा का संदेश दिया। पशुधन मंत्री ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विगत 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। उनके नेतृत्व में पशुधन एवं दुग्ध विकास के क्षेत्र में अभिनव एवं प्रेरणादायी कार्य किये जा रहे हैं। जिसका सीधा लाभ किसानों, पशुपालकों एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का मंत्र देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ा रहा है तथा ’’एक भारत, श्रेष्ठ भारत’’ की परिकल्पना को साकार कर रहा है।

गांव–गांव तक पहुँच रही पशुधन स्वास्थ्य सेवा
मंत्री ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की संयुक्त पहल से पशुधन स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है। इसी क्रम में मोबाइल वेटरनरी यूनिट जैसी अभिनव व्यवस्था उप्र में संचालित है, जिसके माध्यम से पशुपालकों को उनके द्वार पर ही पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रदेश को 520 मोबाइल वेटरनरी यूनिट प्राप्त हुई हैं तथा टोल फ्री नंबर 1962 पर कॉल करने पर निर्धारित समय के भीतर पशु चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इस व्यवस्था से पशुओं के उपचार, टीकाकरण एवं स्वास्थ्य संरक्षण को नई गति मिली है। किसानों एवं पशुपालकों से अपील करते हुए धर्मपाल सिंह ने कहा कि दूध देना बंद करने वाली गायों को छुट्टा न छोड़ें, बल्कि उनकी समुचित देखभाल करें या स्थानीय गौशाला में उनको संरक्षित करें। गौवंश हमारी सांस्कृतिक धरोहर और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। गौसंरक्षण केवल सामाजिक दायित्व ही नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण संकल्प भी है।



Post Comment