टीएमसी नेता जहांगीर खान नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार, देश छोड़ने के प्रयास की आशंका
कोलकाता: पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने सोमवार को टीएमसी नेता जहांगीर खान को गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी नेपाल बॉर्डर के पास से हुई। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के फालता पुलिस स्टेशन में खान के खिलाफ सात एफआईआर की गई थीं। वह नेपाल भागने की फिराक में था।
अभी बंगाल पुलिस की तरफ से इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस जहांगीर को कोलकाता ला रही है। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, जहांगीर को अवैध वसूली करने के आरोप में पकड़ा गया है। हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में पहले यह दावा किया गया था कि जहांगीर के समर्थकों ने महिलाओं को गैंगरेप की धमकी दी थी। इसके कारण उनकी गिरफ्तारी हुई है।
फालता सीट से लड़ा था चुनाव
जहांगीर ने 2026 का विधानसभा चुनाव फालता सीट से लड़ा था। चुनाव के दौरान हुई गड़बड़ियों के कारण यहां 21 मई को दोबारा वोटिंग हुई थी। दोबारा चुनाव से 48 घंटे पहले ही जहांगीर ने मैदान छोड़ दिया था और कहा था कि वे चुनाव से अपना नाम वापस ले रहे हैं। 24 मई को आए नतीजे में जहांगीर की हार हुई। इसके बाद से जहांगीर लगभग गायब ही रहे। उन्हें न तो घर पर देखा गया और न ही पार्टी कार्यालय में।
मई में अपने खिलाफ FIR दर्ज होने पर हाईकोर्ट गए थे
मई 2026 में जहांगीर ने कलकत्ता हाईकोर्ट में याचिका दायर कर अपने खिलाफ दर्ज मामलों की जानकारी और गिरफ्तारी से संरक्षण मांगा था। उनका आरोप था कि उनके खिलाफ लगातार कई आपराधिक मामले दर्ज किए जा रहे हैं।
जहांगीर के खिलाफ 2019 में दर्ज एक मामले में और फालता री-पोल से पहले हाईकोर्ट ने सिक्योरिटी दी थी, लेकिन 26 मई को सभी सुरक्षा वापस ले ली गई थीं।



Post Comment