India Squad: टी20 टीम के नए कप्तान बने श्रेयस, वैभव सूर्यवंशी की भी एंट्री
India Squad: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) मुख्यालय में अजीत अगरकर की अगुआई वाली चयन समिति की बैठक हो खत्म हो गई है। इस बैठक में आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 और इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के साथ ही सितंबर में होने वाले एशियाई खेलों के लिए भी टीम का चयन हुआ। सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर भारतीय टी20 टीम के नए कप्तान बन गए हैं, जबकि 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को सीनियर टीम में पहली बार जगह मिल गई है।
सीरीज का कार्यक्रम
भारत को 26 और 28 जून को आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 खेलने हैं, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ एक जुलाई से होने वाली सीमित ओवरों की सीरीज में पांच टी20 और तीन वनडे मैच खेले जाने हैं। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मैच एक जुलाई को चेस्टर ली में होगा। इसके बाद चार, सात, नौ और 11 जुलाई को शेष चार मैच खेले जाएंगे। इसके बाद बर्मिंघम में 14 जुलाई से दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज होगी जिसका आखिरी मैच 19 जुलाई को लंदन के लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाएगा। वहीं, सितंबर-अक्टूबर में जापान में एशियाई खेल होने हैं जिसमें भारत अपने खिताब का बचाव करने उतरेगा।
तिलक बने उपकप्तान
श्रेयस अय्यर को जहां टीम की कमान सौंपी गई है वहीं, तिलक वर्मा टीम के नए उपकप्तान बने हैं। तिलक पिछले कुछ समय से टी20 टीम का नियमित रूप से हिस्सा रहे हैं और अब वह श्रेयस के साथ लीडरशीप भूमिका में भी नजर आएंगे। वहीं, विकेटकीपर के तौर पर ईशान किशन और संजू सैमसन दोनों को टीम में चुना गया है। अक्षर पटेल टीम में जगह बरकरार रखने में सफल रहे हैं, जबकि तेज गेंदबाजी का जिम्मा अर्शदीप, मोहम्मद सिराज और हर्षित राणा पर रहेगा।
वैभव को पहली बार मिला मौका
सबसे दिलचस्प बात यह है कि 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को पहली बार सीनियर टीम में मौका दिया गया है। वैभव ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन किया था और वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने थे।
ध्रुव जुरेल को भारत ए की कमान
बीसीसीआई ने इसके साथ ही श्रीलंका के खिलाफ बहु-दिवसीय मैच के लिए भारत ए टीम भी घोषित की है। इस दौरे पर ध्रुव जुरेल टीम की कमान संभालेंगे, जबकि देवदत्त पडिक्कल उपकप्तान होंगे। इस टीम में आकिब नबी को शामिल किया गया है जिन्होंने जम्मू-कश्मीर को रणजी ट्रॉफी का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
-
आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव।
-
एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह।



Post Comment