भारत में फिदायीन हमला करने वाला था शहबाज, स्वीकारा- इशारे का था इंतजार
UP News: पाकिस्तान में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से कनेक्शन की आशंका में गिरफ्तार किए गए संदिग्ध शहबाज सिद्दीकी ने बड़े खुलासे किए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सूत्रों की मानें तो शहबाज सिद्दीकी ने खुद दावा किया है कि वह भारत में फिदायीन हमला यानी सुसाइड बॉम्बिंग करने को तैयार था। वह बस पाकिस्तानी जैश के आतंकी के इशारे का इंतजार कर रहा था।
दरअसल, सोशल मीडिया से मिले इनपुट के आधार पर एटीएस ने 18 मई को कासगंज के शहबाज सिद्दीकी को गिरफ्तार किया था। अब शहबाज के मोबाइल फोन से ATS को इससे जुड़े अहम सबूत भी मिले हैं। ATS को यह भी पता लगा है कि शहबाज सिद्दीकी पुलवामा हमले से जुड़े जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों के संपर्क में था। दो दिन पहले ही उसको एटीएस ने कस्टडी रिमांड पर लिया है। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी के पास से मिले मोबाइल फोन में जैश के आतंकियों से बातचीत की रिकॉर्डिंग और चैट मिली हैं।
ATS पूछताछ में मानीं कई बातें
सूत्र बताते हैं कि फोन में मिली चैट से पता चला है शहबाज सिद्दीकी ने पुलवामा हमले को ‘सही’ बताया और सर्जिकल स्ट्राइक को ‘गलत’ ठहराया था। इतना ही नहीं, भारत में हुई अन्य आतंकी वारदातों को लेकर उसने खुशी भी जाहिर की थी। ATS की पूछताछ में उसने ये सभी बातें स्वीकारी हैं।
शहबाज सिद्दीकी ने बताया कि वह भारत में फिदायीन हमला करने के लिए तैयार था। इसको लेकर उसने आतंकियों से बातचीत भी की थी। पाकिस्तानी आतंकी ने उसे भड़काऊ वीडियो भी भेजे थे। यह भी कहा था कि समय आने पर बताया जाएगा कि हमला कहां करना था।
भारत में और संदिग्ध भी शहबाज के संपर्क में
जांच एजेंसी को आशंका है कि शहबाज के नेटवर्क से भारत के कई और लोग भी जुड़े हैं। इसलिए उनके बारे में पता करने की जद्दोजहद जारी है। अब जब उसको मुंबई ले जाया जाएगा तो कई सुराग मिलने की आशंका है।



Post Comment