बरेली में इकलौते बेटे ने किया सुसाइड, मरने से पहले इंस्टाग्राम पर लगाया पंजाबी गाना
बरेली: जिले में एक 21 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी और घर पर सिर्फ उसकी बहन मौजूद थी। बहन ने जब ऊपर रूम में जाकर देखा तो उसका भाई फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। भाई को फांसी के फंदे पर लटका देख बहन की चीख निकल गई। उसने फौरन पड़ोसियों को सूचना दी और मां-बाप को फोन किया। मौके पर सुभाषनगर थाने की पुलिस भी पहुंची, जिसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
थाना सुभाष नगर क्षेत्र अंतर्गत कालीचरण मार्ग में सोमवार दोपहर 4 बजे 21 साल के कौशल कुमार ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। युवक के मां-बाप को जैसे ही इस घटना की जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। अपने जवान इकलौते बेटे की मौत से मां-बाप के ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। युवक सीसीटीवी लगाने का काम करता था।
इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया सॉन्ग
घटना की जानकारी होने पर सुभाष नगर थाने की पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं सुसाइड से पहले कौशल ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पंजाबी सॉन्ग लगाया था। उस सॉन्ग का अर्थ है कि मरने के बाद इंसान अमर हो जाता है।
थाना सुभाष नगर के प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार नैन ने बताया कि कौशल कुमार नाम के युवक ने फांसी लगाई है। वह सीसीटीवी लगाने का काम करता था। उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। सुसाइड का कारण अभी तक पता नहीं चल सका है।



Post Comment