UP News: अजय राय की मांग- हमीरपुर में हुए पुल दुर्घटना की कराई जाए उच्चस्तरीय जांच

सत्ता के मद में चूर है मोदी सरकार, लोकतंत्र को कुचलने का हो रहा काम: Ajay Rai

UP News: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने हमीरपुर में बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल के ध्वस्त होने की घटना को प्रदेश सरकार की निर्माण व्यवस्था, प्रशासनिक जवाबदेही एवं श्रमिक सुरक्षा पर बड़ा प्रश्नचिह्न बताया है। अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराकर वास्तविक तथ्यों को जनता के सामने लाये जाने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित कराए जाने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि इस घटना में प्रशासनिक अकर्मण्यता एवं संभावित भ्रष्टाचार से इंकार नहीं किया जा सकता। उप्र कांग्रेस द्वारा गठित एक प्रतिनिधिमण्डल बृजलाल खाबरी के नेतृत्व में दुर्घटना स्थल का दौरा कर प्रभावित परिवारों एवं स्थानीय नागरिकों से मुलाकात की एवं वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त की। प्रतिनिधिमण्डल ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में अनेक गंभीर प्रश्न अभी भी अनुत्तरित हैं। स्थानीय लोगों ने आशंका व्यक्त की है कि दुर्घटना में प्रभावित व्यक्तियों की वास्तविक संख्या तथा मृतकों का सही आंकड़ा अब तक सार्वजनिक नहीं किया गया है।

अजय राय ने सरकार से की ये मांग

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की जांच उच्च न्यायालय के वर्तमान न्यायाधीश अथवा किसी स्वतंत्र उच्चस्तरीय आयोग से कराई जाए। साथ ही निर्माण कार्य से संबंधित तकनीकी अभिलेख, गुणवत्ता परीक्षण रिपोर्ट, भुगतान विवरण एवं अनुबंध सार्वजनिक किए जाएं। दुर्घटना के समय कार्यस्थल पर मौजूद सभी मजदूरों, कर्मचारियों एवं अधिकारियों की नामावली सार्वजनिक कर उनका सत्यापन कराया जाए तथा मृतकों एवं लापता व्यक्तियों की संख्या का स्वतंत्र रूप से पुनः सत्यापन कराया जाए। कांग्रेस पार्टी ने यह भी मांग की है कि यदि जांच में निर्माण सामग्री, डिजाइन, पर्यवेक्षण अथवा कार्य निष्पादन में किसी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार सामने आता है तो संबंधित अधिकारियों, अभियंताओं, ठेकेदारों एवं कार्यदायी संस्था के विरुद्ध आपराधिक मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए तथा इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए ठोस कदम उठाये जाएं। अजय राय ने मृतकों के आश्रितों को पर्याप्त आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की भी मांग की है।

Post Comment

You May Have Missed