गाजियाबाद में छात्र सूर्या का हत्यारोपी असद एनकाउंटर में ढेर, मां बोलीं- बाकियों का भी हो

गाजियाबाद में छात्र सूर्या का हत्यारोपी असद एनकाउंटर में ढेर, मां बोलीं- बाकियों का भी हो

गाजियाबाद: जिले में 11वीं के छात्र सूर्या चौहान के मर्डर का मुख्य आरोपी असद मुठभेड़ में मारा गया। आरोपी शहर छोड़कर भागने की फिराक में था। रविवार तड़के 04 बजे पुलिस ने उसे घेरा तो उसने फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में ढेर हो गया। पुलिस ने शनिवार को ही उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। मुठभेड़ शहर के वसुंधरा इलाके में हुई।

बकरीद के दिन 17 साल के सूर्या की हत्या हुई थी। नाबालिग दोस्त के मुताबिक, असद ने फोन करके सूर्या को बुलाया। साथियों के साथ उसे घेर लिया और चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। वारदात से पहले उसने सूर्या से पूछा था- क्या कभी बकरा हलाल होते देखा है? आओ, दिखाते हैं। इसका CCTV भी सामने आया था।

हिंदू संगठन ने किया था प्रदर्शन

शुक्रवार दोपहर इलाज के दौरान सूर्या की मौत हो गई। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के चलते तूल पकड़ा गया था। शनिवार को हिंदू संगठन सड़क पर उतर आए थे। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था। 10 घंटे तक हंगामा चला। पुलिस ने देर शाम किसी तरह परिवार को समझाकर सूर्या का अंतिम संस्कार करवाया।

मामले पर डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा था कि हत्यारा कोई भी हो, वह बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। प्रदेश में बढ़ते क्राइम को लेकर सीएम योगी ने भी शनिवार को सभी जिलों के डीएम के साथ बैठक की थी।

छात्र की मां बोलीं- असद की फोटो दिखाओ, तभी मानूंगी एनकाउंटर हुआ

छात्र की मां सरोज ने कहा कि मैंने सिर्फ एक व्यक्ति का एनकाउंटर देखा है, लेकिन मैं असद की तस्वीर देखना चाहती हूं। पुलिस ने अभी तक मुझे तस्वीर नहीं दिखाई है। तस्वीर देखने के बाद ही मुझे तसल्ली होगी। बाकी लोगों का भी ऐसा ही एनकाउंटर होना चाहिए। सात लोगों ने बेटे को मारा है। सभी के घरों पर बुलडोजर चलना चाहिए।

उधर, मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ से मिलने जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी हम कुछ नहीं कहेंगे। जब जाएंगे, तब उसके बाद बताएंगे।

सूर्या के घर के बाहर RAF तैनात

लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने के लिए सूर्या के घर के बाहर RAF (रैपिड एक्शन फोर्स) की तैनाती की गई है। फिलहाल सूर्या के घर के बाहर बड़ी संख्या में हिंदूवादी संगठनों के लोग पहुंचे हैं और नारेबाजी कर रहे हैं।

मंत्री सुनील शर्मा सूर्या के परिवार से मिले

यूपी सरकार में मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने सूर्या के परिवार से मिले। उन्होंने कहा- प्रदेश में किसी अपराधी के लिए कोई जगह नहीं है। जो अपराध करेगा, उसे उसकी सजा मिलेगी। निश्चित तौर पर जो दोषी होगा, उसे इसका जवाब मिलेगा।

डीसीपी बोले- पुलिस ने मुख्य आरोपी असद को एनकाउंटर में मार गिराया

डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि असद अपने दोस्त से पैसे लेकर शहर से भागने की फिराक में है। पुलिस ने असद की घेराबंदी की। इस दौरान असद अपने एक साथी के साथ बाइक से पहुंचा। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो असद ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में असद को गोली लग गई। वह सड़क पर गिर पड़ा। अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। मुठभेड़ में एक पुलिस कॉन्स्टेबल भी घायल हुआ है। पुलिस ने असद के पास से बाइक और पिस्टल बरामद की है। असद की तलाश में पुलिस की 4 टीमें लगी थीं।

Post Comment

You May Have Missed