अभिषेक बनर्जी पर हमले मामले में 5 गिरफ्तार, ममता बनर्जी बोलीं- हेलमेट नहीं पहनते तो जान चली जाती
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले में पुलिस ने रविवार को पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इलाके से जुटाए गए वीडियो फुटेज के आधार पर रातभर छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ा गया। वहीं, पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने भतीजे अभिषेक पर हुए हमले को साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि अभिषेक ने अगर हेलमेट नहीं पहना होता तो उनकी मौके पर जान जा सकती थी। हमले के चलते शरीर में खून के थक्के जम गए थे। हमले के बाद अभिषेक को जब हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया तो अस्पताल प्रशासन पर इलाज न करने का दबाव डाला गया। साथ ही उन्हें जल्द डिस्चार्ज करने को कहा गया।
पश्चिम बंगाल के दक्षिण सोनारपुर में टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के साथ शनिवार को मारपीट की गई। वे यहां चुनाव के बाद हुई हिंसा के पीड़ित टीएमसी कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे थे। आरोप है कि वहां पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया और नारेबाजी करते हुए उनके साथ मारपीट कर दी। लोगों ने उन पर पत्थर, जूते और अंडे फेंके, उनकी शर्ट फाड़ दी। अभिषेक को हेलमेट पहनाकर वहां से निकाला गया।
साउथ कोलकाता के डीसीपी ने अस्पताल पर दबाव डाला: ममता
हमले के बाद अभिषेक को पहले अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने घर पर आराम की सलाह दी थी। बाद में उन्हें बेले व्यू अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में अभिषेक से मिलने के बाद ममता बनर्जी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं और दक्षिण कोलकाता के डीसीपी की ओर से डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन को धमकी भरे फोन आ रहे थे।
पूर्व सीएम ममता ने कहा कि अगर अभिषेक की हालत गंभीर नहीं थी तो उन्हें इंटेसिव थैरेपी यूनिट (आईटीयू) में क्यों रखा गया? फिर अचानक उन्हें अस्पताल से छुट्टी क्यों दी गई? अब अभिषेक का इलाज घर पर ही होगा। उनके घर पर ऑक्सीजन सिलेंडर और अन्य मेडिकल उपकरण लगाए गए हैं।
अभिषेक सोनारपुर में जहां गए थे, वहां चुनाव के बाद हिंसा हुई थी
दक्षिण 24 परगना जिले में स्थित सोनारपुर बेहत संवेदनशील इलाका माना जाता है। यहां टीएमसी और बीजेपी के बीच चुनावों के दौरान और बाद में राजनीतिक हिंसा होती रही हैं। विधानसभा चुनाव 2026 के बाद मई में हुई हिंसा में सोनारपुर में एक टीएमसी कार्यकर्ता की मौत हो गई थी। वहीं सोनारपुर के कामराबाद नस्करपाड़ा इलाके में भाजपा कार्यकर्ता सौमेन दास के घर में आग लगा दी गई थी।
सोनारपुर दक्षिण से भाजपा की रूपा गांगुली विधायक हैं। उन्होंने 2026 के विधानसभा चुनाव में टीएमसी उम्मीदवार अरुंधति मैत्रा (लवली मैत्रा) को हराया था।
बंगाल में पहली बार भाजपा को बहुमत मिला
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के 04 मई को आए रिजल्ट में भाजपा ने 294 में से 208 सीटें जीतकर पहली बार सरकार बनाई थी। टीएमसी सिर्फ 80 पर सिमट गई थी। अभिषेक बनर्जी के संसदीय क्षेत्र की विधानसभा सीट फालता में भाजपा ने सबसे बड़े अंतर से जीत का रिकॉर्ड बनाया था। सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल में बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री बने थे।



Post Comment