Bakrid 2026: अलर्ट मोड पर पुलिस-प्रशासन, शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जायेगा त्योहार
Bakrid 2026: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बकरीद को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर है। सभी थाना क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कर उलेमाओं और धर्मगुरुओं से संवाद किया गया है। खास तौर पर संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जा सके और सभी मुस्लिम लोगों से अपील की गई सड़कों पर नमाज ना पढ़ें और खुले में कुर्बानी ना दें। लखनऊ में बकरीद के त्योहार को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
ज्वाइंट कमिश्नर कानून व्यवस्था बबलू कुमार ने बताया कि सभी जोन और थाना क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें की गई हैं, जिनमें उलेमाओं और स्थानीय लोगों से बातचीत कर सरकार की गाइडलाइन से अवगत कराया गया है। प्रशासन का कहना है कि नमाज और कुर्बानी के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सभी प्रमुख कुर्बानी स्थलों और मस्जिदों के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई है।
संवेदनशील इलाकों में कड़ी निगरानी
लखनऊ के पश्चिमी जोन को संवेदनशील मानते हुए यहां विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रमुख चौराहों और मस्जिदों के आसपास सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार मॉनीटरिंग की जाएगी, ताकि किसी भी खुराफाती तत्व पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि त्योहार को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्दशों का पालन करें। इस्लामिक सेंटर ऑफ़ इंडिया के अध्यक्ष खालिद रशीद फरंगी महली ने भी मुसलमान भाइयों से अपील की है और कहा कि ईद उल अजहा को लेकर जो गाइडलाइन जारी की है, उसके तहत ही त्योहार मनाएं। खुले में कुर्बानी ना की जाए, नमाज सड़कों पर ना हो।



Post Comment